अविनाश श्रीवास्तव/रोहतास। जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां किसानों की साल भर की गाढ़ी कमाई और खून-पसीने की मेहनत चंद पलों में जलकर खाक हो गई। मामला करगहर थाना क्षेत्र के बसडीहा गांव का है, जहां भीषण आग लगने से 100 बीघे से अधिक क्षेत्र में खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है।
शॉर्ट सर्किट बना तबाही का कारण
मिली जानकारी के अनुसार, खेत के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों में हुए शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी सूखे खेतों में जा गिरी। देखते ही देखते इस छोटी सी चिंगारी ने विकराल रूप धारण कर लिया। बताया जा रहा है कि इस अग्निकांड में किसानों को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। कटनी के लिए तैयार खड़ी सुनहरी फसल अब केवल काले मलबे और राख के ढेर में तब्दील हो चुकी है।
तेज हवाओं ने आग में डाला घी का काम
इस समय सासाराम और आसपास के इलाकों में पछुआ हवाओं और गर्मी का प्रकोप जारी है। दोपहर के समय चलने वाले गर्म हवाओं के थपेड़ों ने आग को फैलने में मदद की। हवा की गति इतनी तेज थी कि आग एक खेत से दूसरे खेत में बिजली की रफ्तार से फैलती चली गई। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार देखा गया।
दमकल विभाग और ग्रामीणों का साझा प्रयास
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। किसान अपनी जान की परवाह किए बिना लाठी-डंडों और पानी के छिड़काव से फसल बचाने की जद्दोजहद में जुट गए। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन दस्ते और ग्रामीणों के घंटों के अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। फिलहाल प्रभावित किसान सरकार और प्रशासन से उचित मुआवजे की गुहार लगा रहे हैं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

