जुबैर अंसारी/सुपौल। जिले के मरौना प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय रसुआर से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि यहां कार्यरत सरकारी शिक्षक अजीत कुमार ने स्कूल परिसर में एक रील बनाई, जिसमें पृष्ठभूमि में “कांड करबौ इतना की थाना कन्फ्यूज रहतो गे” जैसे बोल वाला गाना इस्तेमाल किया गया। इस गाने को अपराध को बढ़ावा देने वाला माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार वीडियो स्कूल कैंपस में ही शूट किया गया। जिस स्थान को ज्ञान, अनुशासन और संस्कार का केंद्र माना जाता है, वहां इस तरह की रील बनाए जाने से शिक्षा व्यवस्था की गरिमा पर सवाल खड़े हो गए हैं। अभिभावकों और स्थानीय लोगों का कहना है कि शिक्षक समाज के आदर्श होते हैं, ऐसे में इस प्रकार की गतिविधि छात्रों पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है।
सोशल मीडिया पर भी वीडियो को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और विभागीय कार्रवाई की मांग उठ रही है। लोगों का सवाल है कि क्या स्कूल परिसर को रील बनाने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है?

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और जांच कराई जा रही है। यदि शिक्षक दोषी पाए जाते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अब निगाहें विभागीय कदम पर टिकी हैं।