मणिपुर के उखरुल जिले में एक बीएसएफ जवान की हत्या के बाद सुरक्षा बल लगातार एक्शन मोड में है। इसी कड़ी में रविवार को भी बल ने उग्रवादियों को पकड़ने के लिए संयुक्त तलाशी अभियान जारी रखा। इन अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों ने जिले में अवैध रूप से बनाए गए 21 बंकरों को भी नष्ट कर दिया। इंफाल के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बलों ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के कांस्टेबल मिथुन मंडल की हत्या के लिए जिम्मेदार संदिग्ध उग्रवादियों का पता लगाने के लिए उखरुल और आसपास के जिलों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है।

पुलिस ने कहां-कहां चलाया अभियान?

शुक्रवार को जब वह अन्य बीएसएफ जवानों के साथ हिंसा प्रभावित जिले में ‘रोड ओपनिंग पार्टी’ (आरओपी ) की ड्यूटी पर थे, तभी उन पर हमला किया गया था।श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद बीएसएफ कांस्टेबल का पार्थिव शरीर शनिवार को पश्चिम बंगाल के मालदा स्थित उनके पैतृक घर भेज दिया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा कर्मियों ने पहाड़ी जिले उखरुल में लिटान पुलिस स्टेशन के अंतर्गत सिकिबुंग गांव में 14 बंकर और मोंगकोट चेपु गांव में सात अन्य बंकरों को ध्वस्त कर दिया। इन बंकरों को उग्रवादी संगठनों ने सुरक्षा बलों और आम नागरिकों पर हमले करने के लिए अवैध रूप से बनाया था।

यहां मिले बंदूक और IED

इसी बीच, सुरक्षा बलों ने एक अलग अभियान में तेंगनौपाल जिले के मोरेह क्षेत्र में हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की है। तलाशी के दौरान मैगजीन सहित 9 मिमी की दो पिस्तौल और 13 इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद किए गए। सुरक्षा के मद्देनजर इन आईईडी को मौके पर ही निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया गया।

पुलिस लगातार चला रही है अभियान

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राज्य में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। सुरक्षा बल संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा रहे हैं ताकि किसी भी तरह की हिंसक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

रॉकेट से हुआ था हमला

बता दें कि, 7 अप्रैल को बिष्णुपुर जिले में BSF जवान के घर संदिग्ध रॉकेट से अटैक हुआ था। इसमें जवान की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि उनके दो बच्चे और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद तीनों को अस्पताल ले जाया गया। जहां दोनों बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि महिला गंभीर रूप से घायल है, उनकी ट्रीटमेंट चल रही है। घटना मंगलवार सुबह संवेदनशील माने जाने वाली हिल वैली बॉर्डर स्थित मोइरांग के ट्रोंगलाओबी अवांग लेइकाई गांव में घटी थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m