गुरुग्राम। गुरुग्राम में एक युवक से करीब 90 लाख रुपये वसूलने के आरोप में गिरफ्तार युवती को लेकर पुलिस ने कई अहम जानकारियां सामने रखी हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अमीर लोगों से संपर्क बनाने के लिए डेटिंग ऐप का सहारा लिया था।

आरोपी की पहचान सूर्यदिता दास के रूप में हुई है। वह 24 साल की है और मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली है। गुरुग्राम में रहकर उसने MBA की पढ़ाई की। इसके बाद एक इंश्योरेंस सर्विस प्रोवाइडर कंपनी में नौकरी शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, इसी दौरान सूर्यदिता ने डेटिंग ऐप Seeking पर अपना प्रोफाइल बनाया। जांच में सामने आया कि इस प्लेटफॉर्म के जरिए उसकी मुलाकात सेक्टर-47 निवासी अंकित से हुई थी।

दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और मुलाकातें शुरू हो गईं। पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में ये मुलाकातें पैसे लेकर होती थीं। बाद में जब युवक ने उससे मिलना बंद कर दिया तो विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि इसके बाद सूर्यदिता ने युवक को धमकाना शुरू कर दिया। उसे झूठे मुकदमे में फंसाने और परिवार के सामने बदनाम करने की धमकी दी गई। युवक ने सामाजिक प्रतिष्ठा और परिवार की चिंता के चलते पैसे देना शुरू कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित ने अलग-अलग समय पर आरोपी को करीब 90 लाख रुपये दिए। इसमें बैंक खाते के जरिए रकम भेजने के साथ नकद भुगतान का भी आरोप है। लेकिन इसके बाद भी पैसों की मांग जारी रही।

आखिरकार युवक ने पुलिस से संपर्क किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए योजना बनाई। पुलिस ने 50 हजार रुपये की रकम पर अपने गुप्त निशान लगाए और युवक को आरोपी से मिलने के लिए भेजा।

जैसे ही सूर्यदिता ने रकम ली, पहले से मौजूद पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके बैंक खातों की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, खातों में करीब 95 लाख रुपये की रकम मिली है। इस रकम को फ्रीज कराया गया है। अब पुलिस पैसों के लेनदेन की पूरी कड़ी खंगाल रही है।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इससे पहले किसी और व्यक्ति को इसी तरह निशाना बनाया था या नहीं। डेटिंग ऐप के जरिए उसके संपर्क में आए लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस पूरे मामले में वह अकेली थी या कोई अन्य व्यक्ति भी उसके साथ जुड़ा हुआ था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m