शब्बीर अहमद, भोपाल। दिल्ली के AI समिट में यूथ कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन के बाद मध्य प्रदेश में जमकर बवाल मचा। भाजपा और कांग्रेस के बीच तनाव की ऐसी स्थिति बनी की पत्थरबाजी की घटनाएं भी हुईं। भोपाल में कांग्रेस कार्यालय में तोड़फोड और पत्थरबाजी को लेकर शिकायत के बाद 7 नामजद और 50 से 60 अन्य के खिलाफ हबीबगंज थाने में FIR दर्ज की गई।

प्रदीप अहिरवार की शिकायत पर बीजेपी कार्यकर्ताओं पर कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ करने, मारपीट करने, पत्थर से हमला करने का आरोप लगा है। संपत्ति विरूपण अधिनियम, BNS की धारा 191(2), 191(3), 115(2), 125,324 (5),351(3), 223 के तहत मामला दर्ज किया गया। प्रदीप अहिरवार ने कहा कि उन्हीं जान से मारने की धमकी भी दी गई। 

भोपाल में भाजपा-कांग्रेस दफ्तर की बढ़ाई गई सुरक्षा

मध्य प्रदेश कांग्रेस दफ्तर के बाहर बवाल के बाद भाजपा और कांग्रेस के दफ्तर की सुरक्षा बढ़ाई गई। कांग्रेस-बीजेपी दफ्तर के चारों ओर पुलिसकर्मी तैनात किए गए। सभी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। भोपाल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। 

कमलनाथ ने BJP कार्यकर्ताओं को बताया गुंडा

मध्य प्रदेश के पूर्व ,मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पत्थरबाजी और हमले की घटना के बाद भाजपा को जमकर घेरा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘भारतीय जनता पार्टी के गुंडे मध्य प्रदेश कांग्रेस कार्यालय इंदिरा भवन भोपाल में घुसकर तोड़ फोड़ कर रहे हैं।यह सारी गुंडागर्दी सरकार के संरक्षण में चल रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था ख़ुद सरकार ही ध्वस्त कर रही है। इन गुंडों पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।’

इंदौर में 20 कांग्रेस नेताओं के खिलाफ FIR

हेमंत शर्मा, इंदौर। प्रदर्शन के बाद पंडरीनाथ पुलिस ने 20 कांग्रेस नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। कांग्रेस कार्यालय के बाहर हुए पथराव को लेकर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंचे थे। वीडियो के आधार पर पुलिस ने कांग्रेस नेताओं पर मामला दर्ज किया।

विपिन वानखेड़े हुए घायल

भाजपा युवा मोर्चा के पत्थर फेंकने वालों कार्यकर्ता के खिलाफ पुलिस ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की। डीसीपी कृष्ण लालचंदानी ने कहा कि कांग्रेस कार्यालय पर हुए पथराव के बाद भाजपा जनता युवा मोर्चा की शिकायत पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अमित पटेल पार्षद सादिक खान और अन्य कार्यकर्तओं के खिलाफ दंगा बलवा ओर अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है।

कांग्रेस–भाजपा में चले जूते-चप्पल, पुलिस ने वाटर कैनन से भीड़ को किया तितर-बितर

उमेश यादव, सागर। शहर में उस समय तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई जब कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं का सामना कांग्रेस कार्यकर्ताओं से हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद इतना बढ़ गया कि जूते-चप्पल, डंडे और अन्य वस्तुएं एक-दूसरे पर फेंकी जाने लगीं।

जानकारी के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय की ओर प्रदर्शन करते हुए बढ़ रहे थे। इसी दौरान पहले से मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका विरोध किया। कुछ ही देर में नारेबाजी के बीच स्थिति बेकाबू हो गई। विवाद के दौरान कांग्रेस की महिला विंग की कार्यकर्ताओं ने झाड़ू लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं को खदेड़ने की कोशिश की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों ओर से जूते-चप्पल और डंडे फेंके जाने लगे।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का उपयोग किया गया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया जा सका। पुलिस बल की अतिरिक्त टुकड़ियां भी मौके पर तैनात की गईं। घटना के बाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। शहर में इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया है और दोनों दलों के नेताओं द्वारा एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m