Bihar Politics: बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच आज सोमवार (13 अप्रैल) की देर रात अचानक 5 देश रत्न मार्ग स्थित डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी गई। आवास के बाहर भारी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। बिना इजाजत किसी भी व्यक्ति को आवास में एंट्री नहीं मिलेगी। गौरतलब है की सीएम की रेस में सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे चल रहा है।

शपथ समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक

बता दें कि सीएम नीतीश कल अपना इस्तीफा दे सकते हैं। इस बीच राज्यपाल के सचिव गोपाल मीणा ने आज पटना के जिलाधिकारी, एसएसपी, एसपी, डीएसपी सहित कई अधिकारियों को लोक भवन बुलाया था। इन अधिकारियों के साथ शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों के लिए बैठक की गई। बैठक के बाद राज्यपाल के सचिव गोपाल मीणा डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। इस दौरान दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक बातचीत हुई।

कल चुना जाएगा विधायक दल का नेता

बीजेपी ने कल मंगलवार (14) अप्रैल को पार्टी कार्यालय में पार्टी विधायक की बैठक बुलाई है। इसकी जानकारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दी है। उन्होंने बताया कि, पार्टी विधायकों की इस बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान भी शामिल होंगे।

संजय सरावगी ने बताया कि, इस बैठक में बीजेपी विधायक दल के नेता का चयन होगा। साथ ही कल की विधानसभा के सेंट्रल हाल में एनडीए विधायक की भी बैठक दिन में चार बजे होगी, जिसमें विधायक दल के नेता का सर्वसम्मति से चुनाव होगा। बता दें कि बैठक के बाद नए बिहार मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा होने की उम्मीद है। 243 सदस्यीय विधानसभा में एनडीए के सदस्यों की संख्या 202 है। इसमें भी भाजपा के विधायक 89, जदयू के 85 और लोजपा (रा) के 19 सदस्य हैं।

नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक कल

बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कल मंगलवार 14 अप्रैल को कैबिनेट की बैठक बुलाई है। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की अधिसूचना के अनुसार, बैठक सुबह 11 बजे होगी। सूत्रों के अनुसार, यह मंत्रिमंडल की आखिरी बैठक होगी, जिसके तत्काल बाद नीतीश कुमार राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। इसके बाद 15 अप्रैल को राज्य को नया मुख्यमंत्री मिल सकता है।

ये भी पढ़ें- दोस्त की पूर्व प्रेमिका से बात करना पड़ा भारी, पहले पिलाई बीयर फिर मारी चार गोलियां, मरा समझकर…