दिल्ली नगर निगम की आम सभा की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि शहर में तीन जगहों पर प्रतिदिन 500 किलोलीटर क्षमता वाले तीन सीवर ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जाएंगे। साथ ही, शहर के दो श्मशान घाटों पर गाय के गोबर से बने उपलों से अंतिम संस्कार करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा, निगम आयुक्त द्वारा सदन में प्रस्तुत किए गए तीन अन्य प्रस्ताव भी बैठक में मंजूर कर लिए गए।

इस दौरान दिल्ली नगर निगम की आम सभा ने बॉर्डर स्थानों पर स्थित सभी टोल प्लाजा के कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाने और निगम के छह जोन में सार्वजनिक लाइटों को बदलने से जुड़े प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी। बैठक में निगम के 24 श्मशान परिसरों और अन्य स्थानों को गैर सरकारी संगठनों (NGO) द्वारा संचालित करने के लिए कॉन्ट्रैक्ट नवीनीकरण से जुड़े प्रस्ताव को भी पास किया गया। इस प्रस्ताव के तहत निगम के अधीन आने वाले श्मशान घाट, कब्रिस्तान और अन्य स्थलों को गोद लेने, उनका विकास और रखरखाव करने के लिए गैर सरकारी संगठनों, आरडब्ल्यूए और स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालन की सिफारिशें मंजूर की गईं।

इन इलाकों होगा 3 नए सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण

निगम के नेता सदन प्रवेश वाही ने बताया कि शास्त्री पार्क, आईपी एक्सटेंशन और लक्ष्मी नगर में प्रतिदिन 500 किलोलीटर क्षमता वाले तीन सीवर ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का निर्माण किया जाएगा। इन प्लांट्स के जरिए निगम के 15,000 से अधिक पार्कों और हरित क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह निगम की एक महत्वपूर्ण पर्यावरणीय परियोजना है, जो जल पुनर्चक्रण और हरित क्षेत्रों के संरक्षण में मदद करेगी।

3 श्मशान परिसरों में उपलों से होगा अंतिम संस्कार

महापौर राजा इकबाल सिंह ने बताया कि दक्षिण जोन के ग्रीन पार्क, द्वारका सेक्टर-24 और पूर्वी दिल्ली के ज्वाला नगर में स्थित श्मशान परिसरों में अब अंतिम संस्कार के लिए 100% उपलों (गाय के गोबर के कंडों) का उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही इस पहल के तहत एक पायलट प्रोजेक्ट को भी स्वीकृति दे दी गई है।

सफाई कर्मचारियों की नियमितीकरण

बैठक के दौरान दिल्ली नगर निगम ने 105 सफाई कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित कर दिया। मेयर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि निगम पात्र सफाई कर्मचारियों को नियमित करने की प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी तरीके से जारी रखेगा, ताकि उन्हें स्थायी रोजगार के सभी लाभ मिल सकें।

सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण – शास्त्री पार्क, आईपी एक्सटेंशन और लक्ष्मी नगर में प्रतिदिन 500 किलोलीटर क्षमता वाले तीन सीवर ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जाएंगे। ये प्लांट निगम के 15,000 से अधिक पार्कों और हरित क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे।

अन्य मंजूर प्रस्ताव – टोल प्लाजा के कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाने, छह जोन में सार्वजनिक लाइटें बदलने और 24 श्मशान परिसरों व अन्य स्थलों का संचालन NGO, RWA और स्वयं सहायता समूहों द्वारा करने के लिए कॉन्ट्रैक्ट नवीनीकरण भी मंजूर किया गया।

सदन की कार्रवाई शुक्रवार को दोपहर दो बजे के बाद शुरू हुई। इस दौरान नेता विपक्ष अंकुश नारंग ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक से जुड़े मामले पर एक बधाई प्रस्ताव पेश किया। इस प्रस्ताव को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के पार्षदों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी चला।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m