राजधानी दिल्ली के कई नामी-गिरामी स्कूलों को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। आज सुबह अलग-अलग स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए, जिसके बाद एहतियातन छात्रों और स्कूल स्टाफ को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सूत्रों के मुताबिक धमकी भरे ई-मेल में संसद हमले के दोषी आतंकवादी अफजल गुरु का नाम लेते हुए हमले की मंशा जाहिर की गई है। इसके अलावा ई-मेल में दिल्ली को खालिस्तान बनाने जैसे भड़काऊ और आपत्तिजनक दावे भी किए गए हैं। दिल्ली पुलिस के अनुसार, साउथ दिल्ली के तीन स्कूलों समेत कुल नौ स्कूलों को बम हमले की धमकी वाले ई-मेल मिले हैं। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और स्कूल परिसरों की गहन तलाशी शुरू कर दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी धमकी भरे ई-मेल सुबह 8:30 बजे से 9:00 बजे के बीच प्राप्त हुए। सुरक्षा एजेंसियां हर कोने की बारीकी से तलाशी ले रही हैं ताकि किसी भी तरह के खतरे को पूरी तरह से नकारा जा सके। फिलहाल किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर जांच पूरी होने तक स्कूल परिसरों को खाली रखा गया है। पुलिस साइबर सेल ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं यह मामला फर्जी धमकी (हॉक्स कॉल) तो नहीं है।
दिल्ली के कई स्कूलों को भेजे गए धमकी भरे ई-मेल में गंभीर और भड़काऊ बातें लिखी होने से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ई-मेल में लिखा गया है-“दिल्ली बनेगा खालिस्तान। पंजाब खालिस्तान है। अफजल गुरु की याद में।” ई-मेल में आगे तारीख और समय का जिक्र करते हुए संसद में धमाके की धमकी भी दी गई है। भेजने वाले ने लिखा है कि 13 फरवरी को दोपहर 1:11 बजे यह धमाका किया जाएगा। इस धमकी को इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है, क्योंकि 2001 में संसद पर हुए आतंकी हमले की तारीख भी 13 दिसंबर थी, भले ही महीना अलग था। दिल्ली पुलिस ने इस मामले को उच्च प्राथमिकता पर लेते हुए जांच तेज कर दी है। स्कूलों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, वहीं धमकी भरे ई-मेल की साइबर फॉरेंसिक जांच की जा रही है ताकि भेजने वाले की पहचान की जा सके।
राजधानी दिल्ली के जिन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिले थे, वहां छात्रों और स्कूल कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने स्कूल परिसरों के साथ-साथ आसपास के इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी है। दिल्ली पुलिस, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें सभी स्कूलों में गहन तलाशी अभियान चला रही हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब तक की जांच में किसी भी स्कूल परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर जांच पूरी होने तक स्कूलों को खाली रखा गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


