अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल जिले में युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेल रहे अवैध कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। कोतवाली पुलिस ने एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। दुर्गा कॉलोनी स्थित टेक्निकल ग्राउंड के पास रहने वाली कथित लेडी नशा तस्कर शबनम बी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 730 नग ऑनरेक्स कफ सिरप जब्त किया। जिसकी अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख बताई जा रही है। इस कार्रवाई को जिले में नशे के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी शबनम बी पूर्व में भी नशे के अवैध कारोबार के मामलों में संलिप्त पाई जा चुकी है। पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि वह बाहरी राज्यों से नशीली सामग्री लाकर जिला मुख्यालय में युवाओं के बीच इसकी सप्लाई कर रही है, जिससे युवा वर्ग तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने सुनियोजित तरीके से दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा।

ये भी पढ़ें: बड़वानी में बेटे के सामने पिता की मौत: बस स्टैंड पर अचानक गिरा, फिर उठा ही नहीं…

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक संगठित नशा तस्करी गिरोह का भी खुलासा किया है। इस गिरोह में बंटी, उसका बेटा, दामाद और अंतरराज्यीय नशा तस्कर रमेश जायसवाल समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनके खिलाफ भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य पांच संदिग्धों की पहचान कर ली गई है, जिनके चेहरे जल्द ही बेनकाब किए जाएंगे। कोतवाली पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से जिले में नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। वहीं आमजन ने पुलिस की इस मुहिम की सराहना की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

ये भी पढ़ें: यहां कागजों में चल रहा जी राम जीः 5 लोगों को नोटिस जारी, किसी ने जवाब देना उचित नहीं समझा, CEO बोले- छुट्टी के दिन बयान नहीं दूंगा

कोतवाली थाना प्रभारी राघवेंद्र तिवारी का कहना है कि अधिकारियों के निर्देशन पर नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। 730 ऑनरेक्स सिरफ समेत एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। वहीं 5 अन्य के खिलाफ कार्रवाई की गई है। गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही सभी संदिग्धों को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। जिले में नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m