पटना/दिल्ली। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सांसद शांभवी चौधरी गुरुवार सुबह पटना से दिल्ली के लिए रवाना हुईं। दिल्ली प्रस्थान से पूर्व मीडिया से बात करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर अपनी भावुक प्रतिक्रिया दी और महिला आरक्षण बिल सहित बिहार की राजनीति के भविष्य पर खुलकर अपनी बात रखी।
नीतीश कुमार को बताया राजनीतिक गुरु
नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने पर शांभवी चौधरी ने कहा कि आज पूरे बिहारवासियों का दिल मायूस है। उन्होंने अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए कहा, ऐसा महसूस हो रहा है जैसे परिवार का कोई वरिष्ठ सदस्य हमसे दूर जा रहा हो। शांभवी ने नीतीश कुमार को अपना अभिभावक और राजनीतिक गुरु बताते हुए उनके नए कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नीतीश कुमार जिस समर्पण से बिहार की सेवा करते आए हैं, अब उसी ऊर्जा के साथ देश सेवा में योगदान देंगे।
महिला आरक्षण बिल: सशक्तिकरण का नया युग
16 तारीख से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र पर चर्चा करते हुए सांसद ने कहा कि यह सत्र महिला आरक्षण बिल के लिहाज से ऐतिहासिक होगा। उन्होंने इसे महिलाओं के आत्मसम्मान और नेतृत्व क्षमता को निखारने वाला कदम बताया। शांभवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चिराग पासवान के विजन में आधी आबादी का विकास सर्वोपरि है। यह बिल केवल कानून नहीं, बल्कि नीति निर्धारण में महिलाओं की सीधी भागीदारी सुनिश्चित करने का जरिया है।
बिहार का भविष्य और निशांत कुमार की चर्चा
बिहार के अगले मुख्यमंत्री और नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के नाम की चर्चाओं पर शांभवी ने सधा हुआ जवाब दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री पद का निर्णय NDA का शीर्ष नेतृत्व करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य का नेतृत्व पीएम मोदी के मार्गदर्शन और चिराग पासवान के सहयोग से बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
TMC पर तीखा प्रहार
पश्चिम बंगाल चुनाव के संदर्भ में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। शांभवी ने आरोप लगाया कि टीएमसी की बांटने वाली राजनीति उनके डर को दर्शाती है। उन्होंने बंगाल की जनता से तुष्टिकरण के बजाय विकास वाली सरकार चुनने की अपील की।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

