Business Desk – Share Market Update : आज सोमवार 13 अप्रैल सेंसेक्स 76,449 पर ट्रेड कर रहा है, जो 1,100 अंक (1.42%) नीचे है। निफ्टी भी 300 अंक (1.25%) गिरकर 23,750 के स्तर पर आ गया है। सरकारी बैंकों के शेयरों में आज सबसे ज़्यादा बिकवाली का दबाव देखा जा रहा है।

ईरान-अमेरिका बातचीत बेनतीजा खत्म होने से बाजार गिरा

पाकिस्तान में ईरान और अमेरिका के बीच हुई 21 घंटे लंबी बातचीत बिना किसी समझौते के खत्म हो गई। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि वह बिना किसी डील के लौट रहे हैं। इस घटनाक्रम का सीधा असर दुनिया भर के बाजारों पर साफ दिख रहा है।

एशियाई शेयर बाजारों में आज गिरावट का रुख रहा। दक्षिण कोरिया का KOSPI इंडेक्स 5,779 पर बंद हुआ, जिसमें 80 अंकों (1.37%) की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, जापान का Nikkei इंडेक्स भी दबाव में रहा और 567 अंक (1.00%) गिरकर 56,357 पर बंद हुआ।

हांगकांग का Hang Seng इंडेक्स भी नीचे की ओर ही बढ़ा और 322 अंक (1.24%) गिरकर 25,572 के स्तर पर बंद हुआ। कुल मिलाकर, एशियाई बाजारों में निवेशकों की सावधानी साफ नजर आ रही थी।

इस बीच 10 अप्रैल को अमेरिकी शेयर बाजार में भी मिला-जुला रुख देखने को मिला। Dow Jones इंडेक्स 47,917 पर बंद हुआ, जिसमें 269 अंकों (0.56%) की गिरावट दर्ज की गई। S&P 500 इंडेक्स भी मामूली गिरावट के साथ 6,817 पर बंद हुआ, जिसमें 8 अंकों (0.11%) की गिरावट आई।

हालांकि, टेक्नोलॉजी शेयरों में थोड़ी मजबूती दिखी, जिससे Nasdaq इंडेक्स 80 अंक (0.35%) चढ़कर 22,903 के स्तर पर बंद हुआ।

ब्रेंट क्रूड एक बार फिर $100 प्रति बैरल के पार पहुंचा

ईरान के साथ शांति वार्ता विफल होने के बाद, अमेरिकी नौसेना ने ईरानी बंदरगाहों की घेराबंदी करने की तैयारी कर ली है। इसी पृष्ठभूमि में, ब्रेंट क्रूड एक बार फिर $100 प्रति बैरल के स्तर को पार कर गया है। आज, इसमें 7% से ज्यादा की तेजी आई है और यह फिलहाल $102 प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है। FII की बिकवाली और रुपये की चाल

विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने अप्रैल में अब तक 48,213 करोड़ के शेयर बेचे हैं, जो बाज़ार के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। हालांकि, शुक्रवार को उन्होंने 672 करोड़ की शुद्ध खरीदारी की।

दूसरी ओर, रुपए की स्थिति भी डावांडोल बनी हुई है। विशेषज्ञों का मानना ​​है कि अमेरिकी डॉलर के मुकाबले, आने वाले दिनों में रुपया फिसलकर 93.50 से 94 के स्तर तक पहुँच सकता है।

शुक्रवार को सेंसेक्स 919 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ

10 अप्रैल को शेयर बाज़ार में तेज़ी देखने को मिली। सेंसेक्स 919 अंक (1.20%) की बढ़त के साथ 77,550 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी भी 276 अंक (1.16%) चढ़कर 24,051 पर पहुंच गया। ट्रेडिंग के दौरान, बैंकिंग और ऑटो शेयरों में खरीदारी का ज़ोर रहा।