केरल के मलप्पुरम जिले में कांग्रेस सांसद शशि थरूर के काफिले पर हमला हुआ है. आरोप है कि जब शशि थरूर वंडूर में विधानसभा चुनाव प्रचार कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, तभी तिरुवल्ली चेल्लीथोडु ब्रिज के पास उनके काफिले को रोक दिया गया. यूडीएफ उम्मीदवार ए.पी. अनिल कुमार के पक्ष में चुनाव प्रचार करने जा रहे शशि थरूर के वाहन को अज्ञात हमलावरों ने न केवल रोका, बल्कि उनके सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट भी की. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया है.

केरल के वंडूर में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस सांसद शशि थरूर का काफिला रोका गया. आरोप है कि गनमैन से मारपीट हुई. पुलिस ने केस दर्ज कर तीन लोगों को हिरासत में लिया, दो वाहन जब्त किए हैं.

शिकायत के मुताबिक, इस दौरान शशि थरूर के गनमैन के साथ मारपीट की गई. गनमैन की शिकायत के आधार पर वंडूर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है और घटना में इस्तेमाल की गई दो गाड़ियों को जब्त किया गया है. इस मामले में कलिकावु निवासी उम्मरा के खिलाफ गैर‑जमानती धाराओं में केस दर्ज किया गया है.

थरूर की टीम के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब वे दो वाहनों के काफिले में यात्रा कर रहे थे. कांग्रेस सांसद शशि थरूर पहले वाहन में सवार थे. अचानक दो कार में सवार होकर आए करीब 8 लोगों ने बीच सड़क पर थरूर की गाड़ी को जबरन रुकवा लिया. चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावरों ने गाड़ी को आगे बढ़ने से रोका और कार के शीशों को जोर-जोर से पीटना शुरू कर दिया.

जब स्थिति बिगड़ती देख शशि थरूर के गनमैन ने बीच-बचाव करने और रास्ता साफ कराने की कोशिश की, तो उपद्रवियों ने उस पर भी हमला कर दिया. गनमैन के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की गई, जिससे मौके पर काफी तनाव फैल गया. घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई.

इस बीच थरूर ने इस घटना को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘कल रात हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर आप सभी के संदेशों और कॉल्स से व्यक्त की गई चिंता से मैं सचमुच भावुक हो गया हूं. मेरे सुरक्षा गार्ड पर हमला हुआ था, वह अब ठीक हैं और मैं पूरी तरह सुरक्षित हूं. सभी मित्रों और शुभचिंतकों का धन्यवाद. हमने बिना डरे कल अपने निर्धारित दो कार्यक्रम पूरे किए और हमारा चल रहा कार्यक्रम भी प्रभावित नहीं हुआ है.’

केरलम विधानसभा के 140 सदस्यों के चुनाव के लिए 9 अप्रैल को वोट डाले जाने हैं. वोटों की गिनती और परिणाम 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे. राज्य में इस बार मुख्य मुकाबला एलडीएफ (CPIM के नेतृत्व वाले वाम मोर्चा), यूडीएफ (कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा) और भाजपा ने नेतृत्व वाले एनडीए के बीच में है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m