एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए शर्टलेस प्रोटेस्ट मामले में दिल्ली पुलिस ने इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब (Uday bhanu Chib) को गिरफ्तार किया है। उन्हें पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया, जहां पुलिस ने 7 दिन की रिमांड मांगी, लेकिन कोर्ट ने 4 दिन की पुलिस कस्टडी मंजूर कर दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब रिमांड के दौरान उदयभानु चिब से गहन पूछताछ की जाएगी, ताकि प्रदर्शन की पूरी साजिश और योजना का पता लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि समिट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में बाधा और हंगामे के पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

इधर, गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता कोर्ट परिसर के बाहर इकट्ठा हो गए और कार्रवाई को राजनीतिक बताते हुए नाराजगी जताई। मामले को लेकर राजधानी में राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और यदि जरूरत पड़ी तो अन्य लोगों से भी पूछताछ हो सकती है। वहीं कांग्रेस नेताओं ने इसे शांतिपूर्ण विरोध पर दमनात्मक कार्रवाई करार दिया है।

अलग-अलग राज्यों में आरोपियों को तलाश करेगी पुलिस

शर्टलेस प्रोटेस्ट मामले में गिरफ्तार इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को पुलिस ने सुबह करीब 10 बजे पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। सुनवाई के दौरान पुलिस ने 7 दिन की कस्टडी की मांग करते हुए कहा कि मामले में अन्य आरोपी अलग-अलग राज्यों जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में हैं, जिन्हें आमने-सामने बैठाकर पूछताछ (कंफ्रंटेशन) करना जरूरी है। साथ ही, कथित बड़ी साजिश की जांच के लिए अतिरिक्त समय की आवश्यकता बताई गई।

कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद 4 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर कर ली। पुलिस अब इस अवधि में उदयभानु चिब से गहन पूछताछ कर प्रदर्शन की योजना और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच करेगी। वहीं, उदयभानु के वकील ने रिमांड का विरोध करते हुए कहा कि उनके मुवक्किल जांच में सहयोग कर रहे हैं और घटना के समय मौके पर मौजूद भी नहीं थे, इसलिए गिरफ्तारी और कस्टडी की जरूरत नहीं थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m