सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय छात्र पवन शाह की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चार दिन से लापता छात्र का शव जंगल में मिलने से हड़कंप मच गया। इस जघन्य हत्या से नाराज़ लोगों का गुस्सा देर रात फूट पड़ा और मोरवा थाना के सामने उग्र भीड़ ने एक पुलिस वाहन में आग लगा दी। हालात को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा। वहीं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, साईं नगर वार्ड क्रमांक 8 निवासी पवन शाह 9 मार्च की रात करीब साढ़े नौ बजे घर से बिना बताए बाहर निकला था और वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद परिजनों ने मोरवा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई और अपहरण की आशंका जताई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो संदिग्धों तक पहुंची।

जंगल में मिला था शव

इसी दौरान जंगल क्षेत्र से एक किशोर का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान पवन शाह के रूप में कराई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपियों ने छात्र की बेरहमी से हत्या कर शव को जंगल में फेंक दिया था।

विशेष जांच दल गठित

पुलिस ने मामले में सुधांशु गुप्ता और मोहम्मद इरशाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने हत्या करना स्वीकार किया है। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस अभिरक्षा में हैं और उनसे पूछताछ जारी है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिंगरौली ने विशेष जांच दल का गठन किया है, जो तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाकर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करेगा।

पुलिस वाहन में लगाई आग, FIR नहीं

इधर घटना से नाराज़ लोगों का गुस्सा देर रात भड़क उठा और मोरवा थाना के सामने जमा भीड़ उग्र हो गई। आक्रोशित लोगों ने एक पुलिस वाहन को आग के हवाले कर दिया। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। फिलहाल इस मामले में किसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। वहीं इस पूरे मामले को लेकर सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह भी मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m