उत्तर रेलवे के दिल्ली डिवीजन ने होली के अवसर पर यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर व्यापक योजना बनाई है। इसके तहत 26 फरवरी से 4 मार्च तक दिल्ली के चार प्रमुख स्टेशनों नई दिल्ली, आनंद विहार, पुरानी दिल्ली और निजामुद्दीन पर विशेष बंदोबस्त रहेंगे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रा को सुगम बनाने के लिए सुरक्षा कर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही बैरिकेड और मार्गदर्शन प्रणाली के जरिए स्टेशन परिसर में आने-जाने वाले यात्रियों को व्यवस्थित किया जाएगा।

यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कुछ रेलगाड़ियों के प्लेटफॉर्म भी बदले गए हैं। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस बार अब तक उत्तर रेलवे से चलने वाली और आने वाली 742 होली स्पेशल गाड़ियों की घोषणा हो चुकी है। पिछले वर्ष होली के अवसर पर लगभग 280 विशेष रेलगाड़ियां चलाई गई थीं, जबकि इस वर्ष सुरक्षा और यात्री सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगभग 350 विशेष रेलगाड़ियों का परिचालन किया जाएगा।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि दूसरे जोनों से भी उत्तर रेलवे के लिए विशेष गाड़ियां चलाई जाएंगी, जो दिल्ली और आसपास के स्टेशनों से यात्रियों को लेकर जाएंगी। इसके अलावा, अगर यात्रा के दौरान भीड़ बढ़ती है तो अनारक्षित विशेष रेलगाड़ी तुरंत चलाने की व्यवस्था भी की गई है। इसके लिए अलग से रैक (गाड़ी) तैयार रखी जाएगी और इन गाड़ियों को मांग के अनुसार परिचालित किया जाएगा।

होली के अवसर पर दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ नियंत्रित करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उत्तर रेलवे के अधिकारियों की तैनाती शुरू कर उनकी भूमिका तय कर दी गई है।यात्रियों की सुविधा को देखते हुए, स्टेशन पर अनारक्षित टिकट वाले यात्रियों को विशेष सुविधा शिविर में भेजा जाएगा, जहां से वे गाड़ी प्लेटफॉर्म पर लगने के बाद यात्रा कर सकेंगे। इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए आनंद विहार में अस्थायी यात्री सुविधा शिविर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही, नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, निजामुद्दीन और आनंद विहार सहित गाजियाबाद में भी मिनी कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है, ताकि स्टेशन पर भीड़ और सुरक्षा की स्थिति पर तुरंत नजर रखी जा सके और आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m