Bihar Diwas 2026: बिहार आज अपने गौरवशाली इतिहास का जश्न मना रहा है। बिहार दिवस के 114वें वर्षगांठ पर राजधानी पटना में का माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया है। ऐतिहासिक गांधी मैदान में 22 मार्च से तीन दिनों तक चलने वाले राज्यस्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत होने जा रही है। इस खास मौके पर सीएम नीतीश शाम 5 बजे दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। वहीं, दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा बतौर विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में शामिल होंगे।

‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ थीम पर प्रदर्शन

इस साल का समारोह ‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ थीम पर रखा गया है। इस दौरान प्रदेश की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सशक्तिकरण की झलक देखने को मिलेगी। इस दौरान बिहार की लोक संस्कृति, कला और परंपरा की झलक देखने को मिलेगी। आयोजन को और खास बनाने के लिए बॉलीवुड के नामी गायकों को भी आमंत्रित किया गया है, जिनकी प्रस्तुति से शामें और भी यादगार बनाएगी।

सीएम नीतीश ने दी बिहार दिवस की शुभकामनाएं

बिहार दिवस के मौके पर सीएम नीतीश कुमार ने प्रदेशवासियों को बधाई व शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- बिहार दिवस के अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। बिहार का इतिहास गौरवशाली रहा है और हम वर्तमान में अपने निश्चय से बिहार का गौरवशाली भविष्य तैयार कर रहे हैं। समृद्ध बिहार के संकल्प को पूरा करने हेतु मैं आप सभी का आह्वान करता हूं। हम सब मिलकर बिहार के गौरव को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएंगे।

1912 में बंगाल से अलग हुआ था बिहार

बता दें कि हर साल 22 मार्च को बिहार दिवस मनाया जाता है। आज ही के दिन 1912 में बंगाल से अलग होकर बिहार राज्य का गठन हुआ था। दिल्ली दरबार में किंग जॉर्ज पंचम ने 12 दिसंबर 1911 को इसकी घोषणा की थी, जिसके बाद से हर साल 22 मार्च को बिहार दिवस मनाया जाता है।

कई विशेष कार्यकर्मों की प्रस्तुति

तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में आज की शाम पटना गांधी मैदान का मुख्य मंच बॉलीवुड के मशहूर गायकों की आवाज से गूंज उठेगा। आज (रविवार) प्रसिद्ध गायिका सोना मोहपात्रा अपने गीतों से शमा बांधेंगी। गांधी मैदान के अलावा श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल और रविन्द्र भवन में भी विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है, जहां देश की जाने माने कलाकार, हास्य कवि, ध्रुपद गायन, भरतनाट्यम, शास्त्रीय संगीत की विशेष प्रस्तुति देंगे।

ये भी पढ़ें- जानलेवा हुआ बिहार का मौसम! अब तक 7 लोगों की मौत, कई घायल, आज इन जिलों में कहर मचा सकती है बारिश