अनूप मिश्रा, बहराइच. पयागपुर तहसील के इकौना मार्ग स्थित अकरौरा नहर पुल के पास शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण भिड़ंत में कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया. जहां से दो की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है.

जानकारी के मुताबिक जब कार सवार लोग अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे, तभी अकरौरा नहर पुल के पास सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने कार को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दीपक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पयागपुर भिजवाया.

इसे भी पढ़ें : अगर किसी को बताया तो…. महिला ने पति और भांजे के साथ मिलकर की प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, ड्राइवर ने खोली आरोपियों की पोल

हादसे में आराधना (32), सुशीला देवी (62), संगीता (30) और ऋषभ मिश्र (12) गंभीर रूप से घायल हुए हैं. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने आराधना और सुशीला देवी की हालत नाजुक बताते हुए उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. हादसे के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. थाना प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि अज्ञात ट्रक और उसके चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है. आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से ट्रक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.