Sports News Update: छत्तीसगढ़ के नंबर वन न्यूज़ पोर्टल lalluram.com पर पढ़िए खेल जगत की हर बड़ी और अहम खबर। देश और प्रदेश में बीते दिन मैदान पर क्या रहा खास, किन टीमों ने जीत दर्ज की और किन खिलाड़ियों ने बटोरी सुर्खियां, साथ ही आज होने वाले मुकाबलों और खेल गतिविधियों पर एक नजर। पेश है स्पोर्ट्स की दिनभर की प्रमुख अपडेट।

भारत ने लगातार दूसरी बार जीता वूमेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स का खिताब

Women’s Asia Cup Rising Stars 2026: वूमेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के खिताबी मुकाबले में इंडिया ए टीम ने बांग्लादेश ए टीम को 46 रन से हराकर वूमेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का खिताब लगातार दूसरी बार अपने नाम कर लिया। थाईलैंड के Terdthai Cricket Ground में खेले गए फाइनल में इंडिया ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 134 रन बनाए, जिसमें तेजल ने नाबाद 51 रन की अहम पारी खेली, जबकि फाहिमा खातून ने 4 विकेट झटके।

135 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ए की टीम 19.1 ओवर में 88 रन पर ऑलआउट हो गई। इंडिया ए टीम के लिए प्रेरणा रावत ने 3 विकेट और सोनिया मेंधिया-तनूजा कंवर ने 2-2 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। इससे पहले भी इंडिया ए ने 2023 में बांग्लादेश को हराकर यह ट्रॉफी जीती थी।

T20 WC में साउथ अफ्रीका से हार के बाद भारत की सेमीफाइनल की राह हुई मुश्किल

T20 World Cup 2026: टी20 विश्वकप में लगातार 12 मैच जीतने के बाद भारत की जीत का सिलसिला यहीं थम गया। रविवार को सुपर-8 स्टेज के तीसरे मुकाबले में पिछले साल की रनर-अप साउथ अफ्रीका के खिलाफ टीम को 76 रन से हार का सामना करना पड़ा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 187 रन बनाए, जबकि भारतीय टीम 111 रन पर ऑलआउट हो गई।

इस हार के बाद भारत के लिए सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है। अब टीम को अपने बचे दोनों मैच हर हाल में जीतने होंगे और साथ ही अन्य मैचों के नतीजों पर भी नजर रखनी होगी। 76 रन की बड़ी हार से भारत का नेट रन रेट -3.800 हो गया है, जो आगे परेशानी बढ़ा सकता है।

T20 World Cup 2026: सुपर-8 के चौथे मुकाबले में अजेय वेस्टइंडीज की जायंट किलर जिम्बाब्वे से होगी भिड़ंत

T20 World Cup 2026 के सुपर-8 चरण के चौथे मुकाबले में अब तक अजेय रही वेस्टइंडीज का मुकाबला जायंट किलर जिम्बाब्वे से होगा। यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आज शाम 7 बजे से खेला जाएगा। ग्रुप स्टेज में वेस्टइंडीज ने स्कॉटलैंड, इंग्लैंड, नेपाल और इटली को हराकर सभी चार मैच जीते और अजेय रही, जबकि ग्रुप-बी में शीर्ष पर रही जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका जैसी मजबूत टीमों को मात देकर बड़ा उलटफेर किया।

वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के बीच अब तक 4 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं, जिनमें वेस्टइंडीज ने 3 और जिम्बाब्वे ने 1 जीत दर्ज की है; जिम्बाब्वे की इकलौती जीत 16 साल पहले आई थी। टी20 वर्ल्ड कप में दोनों की एकमात्र भिड़ंत अक्टूबर 2022 में हुई थी, जब वेस्टइंडीज ने 153/7 बनाकर जिम्बाब्वे को 122 रन पर समेटते हुए 31 रन से जीत हासिल की थी।

सीनियर वुमेंस वनडे टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंची छत्तीसगढ़ की टीम

चंडीगढ़। बीसीसीआई द्वारा आयोजित सीनियर वुमेंस वनडे टूर्नामेंट 2025-26 में छत्तीसगढ़ की महिला टीम ने इतिहास रचते हुए पहली बार सेमीफाइनल में जगह बना ली है। चंडीगढ़ में खेले गए क्वार्टर फाइनल में टीम ने दिग्गज मुंबई की महिला टीम को 6 विकेट से हराकर बड़ा उलटफेर किया।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला छत्तीसगढ़ के लिए कारगर साबित हुआ और मुंबई की टीम 46.5 ओवर में 180 रन पर सिमट गई। पूनम राउत ने 41 रन बनाए, लेकिन महक नरवसे और अदिति पंवार ने 3-3 विकेट लेकर मैच पर पकड़ बना ली, जबकि प्रीति यादव ने 2 विकेट झटके।

181 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए छत्तीसगढ़ ने संतुलित बल्लेबाजी की। श्रृष्टि शर्मा ने 75 रन की शानदार पारी खेली और महक नरवसे (26 रन) के साथ 79 रन की साझेदारी की। मध्यक्रम में नेहा बड़वाइक (नाबाद 35 रन) ने कप्तान कृति गुप्ता (16 रन) के साथ सूझबूझ भरी पारी खेलते हुए टीम को 47.5 ओवर में जीत दिला दी। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए श्रृष्टि शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

कार्लोस अलकराज ने सिर्फ 50 मिनट में जीता कतर ओपन 2026 का खिताब

Qatar Open 2026: दोहा में खेले गए फाइनल में विश्व नंबर एक कार्लोस अलकराज ने आर्थर फिल्स को 6-2, 6-1 से हराकर कतर ओपन 2026 का खिताब जीत लिया। मुकाबला सिर्फ 50 मिनट चला और अलकराज शुरू से अंत तक हावी रहे। इस जीत के साथ वे 2026 में लगातार 12वीं जीत दर्ज की। इससे पहले वह इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन भी जीत चुके हैं, जिसके साथ उन्होंने करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करते हुए चारों ग्रैंड स्लैम जीतने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया।

दोहा में ट्रॉफी अलकराज के करियर के टूर-लेवल खिताबों की संख्या 26 हो गई है। फाइनल में उनकी दमदार सर्विस, सटीक ग्राउंड स्ट्रोक और तेज मूवमेंट के सामने फिल्स टिक नहीं सके। जीत के बाद अलकराज ने कहा कि साल की शुरुआत शानदार रही है और वह इसी फॉर्म को आगे भी जारी रखना चाहते हैं। शानदार लय में चल रहे स्पेनिश स्टार से 2026 सीजन में और बड़े रिकॉर्ड की उम्मीद की जा रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H