Sports News Update : टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज से हार के बाद भारत और जिम्बाब्वे दोनों के लिए आज होने वाला ग्रुप-1 का सुपर-8 मुकाबला बेहद निर्णायक हो गया है। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच में दोनों टीमें सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के इरादे से उतरेंगी। डिफेंडिंग चैंपियन और घरेलू मैदान पर खेल रही भारतीय क्रिकेट टीम पर इस मुकाबले को लेकर अतिरिक्त दबाव है। भारतीय टीम के लिए सिर्फ जीत ही काफी नहीं होगी, बल्कि उसे दिन के पहले मुकाबले के नतीजे पर भी नजर रखनी होगी। 26 फरवरी को ही अहमदाबाद में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम और साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम के बीच मैच खेला जाएगा। भारत की उम्मीद यही रहेगी कि साउथ अफ्रीका यह मुकाबला जीत जाए, क्योंकि वेस्टइंडीज का नेट रनरेट 5 से ज्यादा है, जबकि साउथ अफ्रीका का नेट रनरेट +3.800 है। साउथ अफ्रीका से हार के बाद भारत का नेट रनरेट -3.800 हो चुका है, जिससे सेमीफाइनल की राह और कठिन हो गई है। ऐसे में कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम चाहेगी कि समीकरण उसके पक्ष में बनें। अगर वेस्टइंडीज साउथ अफ्रीका को हरा देती है, तो भारत के लिए सेमीफाइनल का गणित और ज्यादा उलझ सकता है।
सेमीफाइनल में जगह बनाने उतरेंगे विंडीज – दक्षिण अफ्रीका
T20 World Cup टूर्नामेंट में अब तक अपराजेय रही वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका की टीमें सुपर आठ के मुकाबले में आज आमने-सामने होंगी तो आक्रामक कैरेबियाई बल्लेबाजों को बेहतरीन गेंदबाजी आक्रमण से पार पाना होगा। दक्षिण अफ्रीका ने खिताब की प्रबल दावेदार भारतीय टीम को पिछले मैच में इसी मैदान पर 76 रन से हराया था, जबकि वेस्टइंडीज ने जिंबाब्वे को मुंबई में 107 रन से मात दी। वेस्टइंडीज के पास बेहतरीन आक्रामक बल्लेबाज हैं जो अपने दम पर मैच जिताने का माद्दा रखते हैं। हालांकि, अब उनका सामना दक्षिण अफ्रीका के ऐसे गेंदबाजी आक्रमण से होगा जिसने रविवार को भारतीय बल्लेबाजों को नाकों चने चबवा दिए थे। मार्को जेनसेन, केशव महाराज, कैगिसो रबादा और लुंगी नगिदी ने मिलकर लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज भी कमतर नहीं है और डेविड मिलर ने अक्सर संकटमोचक की भूमिका निभाई है। भारत के विरुद्ध पावरप्ले में कई विकेट गंवाने के बाद उन्होंने पारी को संभाला। इस महामुकाबले में व्यक्तिगत टक्कर पर भी नजरें होंगी शिमरोन हेटमायर कैसे रबाडा की गेंदों को खेलते हैं या रोवमैन पावेल को महाराज की फिरकी कितना परेशान कर पाती है।
रिचर्ड अफगानिस्तान के मुख्य कोच नियुक्त
इंग्लैंड में जन्मे रिचर्ड पायबस को जोनाथन ट्रॉट की जगह अफगानिस्तान क्रिकेट टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। ट्रॉट का कार्यकाल मौजूदा टी20 विश्व कप से टीम के बाहर होने के साथ ही खत्म हो गया था। पायबस अगले महीने यूएई में श्रीलंका के खिलाफ होने वाली सीमित ओवरों की श्रृंखला से पहले टीम की कमान संभालेंगे। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने मंगलवार को बयान में कहा, एसीबी को यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि रिचर्ड पायबस को अफगानिस्तान राष्ट्रीय टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है।
भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर के घुटने में लगी चोट
भारत की हरमनप्रीत कौर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय के दौरान चोट लग गई। हरमनप्रीत ने 84 गेंद में 53 रन की पारी खेली लेकिन जब भारत मेजबान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 214 रन का बचाव करने की कोशिश कर रहा था तब वह क्षेत्ररक्षण के लिए मैदान पर नहीं उतरीं। मेहमान टीम छह विकेट से मैच हार गई। हालांकि यह पता नहीं है कि उन्हें चोट कब लगी लेकिन भारतीय क्रिकेट बोर्ड के एक बयान में कहा गया है कि यह घुटने की समस्या है। बयान में कहा गया, “बल्लेबाजी करते समय बाएं घुटने में चोट लगने के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर दूसरी पारी में मैदान पर नहीं उतरीं।” उन्होंने कहा, “बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी प्रगति पर नजर रख रही है।
प्रो लीग में भारत की पहली जीत, ऑस्ट्रेलिया को किया शूटआउट
भारतीय हॉकी टीम ने प्रो लीग में 7 हार का सिलसिला तोड़ते हुए पहली जीत दर्ज की। भारत ने मेजबान और वर्ल्ड नंबर-3 ऑस्ट्रेलिया को शूटआउट में 3-1 से हराया। निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 से बराबरी पर रहा। शूटआउट में लाकड़ा, मनिंदर सिंह और विष्णुकांत सिंह ने भारत के लिए गोल किए, जबकि ऑस्ट्रेलिया की ओर से सिर्फ हेवर्ड सफल रहे। वर्ल्ड नंबर-8 भारत आठ मैचों में चार अंक के साथ नौ टीमों की टेबल में आठवें पर है। अब टीम 21 जून से रॉटरडम में नीदरलैंड्स और जर्मनी से भिड़ेगी।
बांग्लादेश की टीम 18 साल बाद करेगी ऑस्ट्रेलिया का दौरा
ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच 18 साल बाद ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बताया कि दो टेस्ट की सीरीज का पहला मुकाबला 13 अगस्त से डार्विन में खेला जाएगा। डार्विन में 2004 के बाद पहली बार कोई टेस्ट होगा। बांग्लादेश की टीम भी 2004 के बाद पहली बार ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाएगी। पिछली बार उसने तीन वनडे खेले थे, जिनमें उसे हार मिली थी। सीरीज का दूसरा टेस्ट 22 अगस्त से क्वींसलैंड राज्य के मैक्के शहर में खेला जाएगा।
द हंड्रेड में पाक क्रिकेटर्स के साथ नहीं होगा भेदभाव
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) और द हंड्रेड की सभी आठ टीमों ने साफ कहा है कि किसी भी खिलाड़ी को उसकी राष्ट्रीयता के आधार पर बाहर नहीं किया जाएगा। हाल ही में खबरें आई थीं कि आईपीएल से जुड़े मालिकों वाली चार टीमें मैनचेस्टर सुपर जायंट्स, एमआई लंदन, सदर्न ब्रेव और सनराइजर्स लीड्स नीलामी में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को नजरअंदाज कर सकती हैं। ईसीबी और फ्रेंचाइजी ने कहा कि टीम सलेक्शन केवल खिलाड़ी के प्रदर्शन, उपलब्धता और टीम की जरूरत के आधार पर होगा। किसी भी तरह का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


