Sports News Update: छत्तीसगढ़ के नंबर वन न्यूज़ पोर्टल lalluram.com पर पढ़िए खेल जगत की हर बड़ी और अहम खबर। देश और प्रदेश में बीते दिन मैदान पर क्या रहा खास, किन टीमों ने जीत दर्ज की और किन खिलाड़ियों ने बटोरी सुर्खियां, साथ ही आज होने वाले मुकाबलों और खेल गतिविधियों पर एक नजर। पेश है स्पोर्ट्स की दिनभर की प्रमुख अपडेट।
T20 World Cup 2026: सुपर-8 के पांचवें मुकाबले में पाकिस्तान-इंग्लैंड की होगी भिड़ंत

टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 स्टेज का पांचवां मुकाबला आज इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। यह मैच कैंडी के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। टी-20 वर्ल्ड कप में अब तक इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच तीन मुकाबले हुए हैं, और सभी में इंग्लैंड ने जीत हासिल की है। खास बात यह है कि साल 2022 के टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में भी इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर खिताब जीता था।
सभी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों को मिलाकर दोनों टीमों के बीच अब तक 31 मुकाबले हुए हैं। इसमें इंग्लैंड ने 20 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को 9 मैचों में जीत मिली। 1 मैच टाई रहा और 1 का कोई नतीजा नहीं निकला। दूसरी ओर, दोनों टीमों के बीच आखिरी टी-20 इंटरनेशनल मुकाबला साल 2024 में खेला गया था। उस मैच में इंग्लैंड ने 15.3 ओवर में 158 रन का टारगेट हासिल करके पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया था।
इसे भी पढ़ें: IND vs ZIM: शर्मनाक हार से टीम इंडिया में मची खलबली, जिम्बाब्वे के खिलाफ प्लेइंग 11 में बदलाव तय, सूर्या करेंगे यह 3 बड़े बदलाव?
रणजी फाइनल में जम्मू-कश्मीरऔर कर्नाटक आमने-सामने

Ranji Trophy 2025-26 के फाइनल में जम्मू-कश्मीर और 8 बार की चैंपियन कर्नाटक आमने सामने है। मुकाबले की शुरुआत आज सुबह 9:30 बजे से हो चुकी है। कर्नाटक 2014-15 के बाद अपनी 9वीं ट्रॉफी जीतने की कोशिश में है, जबकि जम्मू-कश्मीर पहली बार फाइनल में पहुंचकर इतिहास रचने के इरादे से उतरा है।
हेड टू हेड में कर्नाटक का दबदबा
रणजी इतिहास में दोनों टीमों के बीच खेले गए सभी 4 मुकाबले कर्नाटक ने जीते हैं, जिनमें 2 जीत पारी के अंतर से रही हैं। हालांकि इस सीजन जम्मू-कश्मीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली, मध्य प्रदेश (क्वार्टर फाइनल) और बंगाल (सेमीफाइनल) को हराकर फाइनल में जगह बनाई है।
खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों की शुरुआत, गुलमर्ग में चार दिन तक चलेगा रोमांच

खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों (Khelo India Winter Games) का छठा संस्करण सोमवार को गुलमर्ग में शुरू हुआ। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुलमर्ग चरण का उद्घाटन किया। चार दिवसीय इस टूर्नामेंट में देशभर के राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से करीब एक हजार एथलीट हिस्सा ले रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में उपराज्यपाल ने कहा कि खेल राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने इसे शांति, समानता और भाईचारे की भावना को पुनर्जीवित करने वाला आयोजन बताया। समापन 26 फरवरी को होगा, जहां सफलता को सिर्फ पदकों से नहीं बल्कि एकता, आपसी सम्मान और उत्कृष्टता की भावना से आंका जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री Omar Abdullah भी मौजूद रहे।
पहले दिन सेना का दबदबा
गुलमर्ग चरण के पहले दिन सेना ने पांच में से तीन स्वर्ण पदक जीतकर शानदार शुरुआत की। सीआरपीएफ और हिमाचल प्रदेश ने भी एक-एक स्वर्ण अपने नाम किया। सेना के सनी सिंह ने पुरुष स्प्रिंट नॉर्डिक स्पर्धा में स्वर्ण जीता। सीआरपीएफ की काजल कुमारी ने 15 किमी नॉर्डिक स्कीइंग में पहला स्वर्ण हासिल किया, जिसे उन्होंने अपने दिवंगत पिता को समर्पित किया। वहीं हिमाचल प्रदेश की संध्या ठाकुर ने अल्पाइन स्कीइंग में स्वर्ण पदक जीता।
पहली पारी की बढ़त से छत्तीसगढ़ की सेमीफाइनल सीट लगभग पक्की
रायपुर। अंडर-23 कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ ने पहली पारी में बढ़त लेकर सेमीफाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिया है। मुकाबला नवा रायपुर के नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है।

मुकाबले में टॉस जीतकर राजस्थान ने पहले फील्डिंग चुनी। इसके बाद छत्तीसगढ़ ने पहली पारी में 100.3 ओवर में 286 रन बनाए। जवाब में राजस्थान की टीम 75.5 ओवर में 181 रन पर सिमट गई। वरुण सिंह भुई ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके। इस तरह छत्तीसगढ़ को 105 रन की अहम बढ़त मिली। दूसरी पारी में तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक छत्तीसगढ़ ने 5 विकेट पर 154 रन बना लिए हैं। मयंक वर्मा 82 रन और दीपक यादव 51 रन बनाकर नाबाद हैं। राजस्थान की ओर से चेतन शर्मा ने 3 और गणेश सुथार ने 2 विकेट लिए।
अब 24 फरवरी को आखिरी दिन अगर मैच ड्रॉ भी होता है, तो पहली पारी की बढ़त के आधार पर छत्तीसगढ़ का सेमीफाइनल में पहुंचना तय माना जा रहा है।
IGPL में बड़ा निवेश: 10 फ्रेंचाइजी से 100 मिलियन डॉलर की कमिटमेंट

नई दिल्ली। Indian Golf Premier League (IGPL) को 10 फ्रेंचाइजी साझेदारों से कुल 100 मिलियन डॉलर (लगभग 830 करोड़ रुपये) के निवेश की प्रतिबद्धता मिली है। प्रत्येक फ्रेंचाइजी ने 10 साल की अवधि में लगभग 10 मिलियन डॉलर निवेश करने का वादा किया है। यह पहल भारतीय गोल्फ को पेशेवर और व्यावसायिक स्तर पर मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।
IGPL ने पिछले साल अपना पहला प्रोफेशनल टूर आयोजित किया था, जिसमें 11 टूर्नामेंट खेले गए। सभी मुकाबले 54 होल के मिक्स्ड फॉर्मेट में और बिना कट (कट-रहित) प्रारूप में आयोजित किए गए।
हर टूर्नामेंट की इनामी राशि करीब 1 करोड़ रुपये रही। लीग के मुकाबले भारत के साथ-साथ दुबई और कोलंबो में भी खेले गए, जिससे इसे अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली। नए निवेश से लीग के विस्तार, खिलाड़ियों को बेहतर प्लेटफॉर्म और भारतीय गोल्फ के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


