SRH vs LSG IPL 2026: आईपीएल 2026 में आज यानी 5 अप्रैल, रविवार को दूसरा डबल हेडर खेला जा रहा है। दिन के पहले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) आमने-सामने हैं। हैदराबाद के राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में LSG के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है।

लखनऊ टीम में एक बदलाव है। वहीं, सनराइजर्स ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। ओपनिंग करने के सवाल पर पंत ने कहा कि वह देखेंगे। लखनऊ की टीम में एनरिच नॉर्त्जे की जगह एम सिद्धार्थ की एंट्री हुई है। वहीं, सनराइजर्स की टीम में हर्षल पटेल और लियाम लिविंगस्टोन की एंट्री हुई है।

बता दें कि SRH अपने नियमित कप्तान पैट कमिंस के बिना मैदान पर उतरी है, जो चोट की जांच के लिए ऑस्ट्रेलिया लौट गए हैं। उनकी जगह ईशान किशन टीम की कप्तानी कर रहे हैं। पहला मैच हारने के बाद SRH ने शानदार वापसी करते हुए पिछले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 200+ स्कोर खड़ा किया और उसे सफलतापूर्वक डिफेंड करते हुए जीत दर्ज की।

वहीं दूसरी ओर लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत अब तक खास नहीं रही है। पहला मैच हारने के बाद कप्तान ऋषभ पंत और टीम के प्रदर्शन पर सवाल उठने लगे हैं। पिछले मुकाबले में 141 रन के छोटे स्कोर का बचाव करते हुए गेंदबाजों ने शुरुआती झटके जरूर दिए, लेकिन टीम को जीत के लिए इससे कहीं बेहतर प्रदर्शन की जरूरत होगी।

बता दें कि सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच यह मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आज दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा। उससे पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, संभावित प्लेइंग 11, पिच रिपोर्ट और लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स समेत मैच से जुड़ी सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

SRH बनाम LSG हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा है भारी?

दोनों टीमों के हेड-टू-हेड की बात करें तो अब तक 6 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें लखनऊ ने 4 और हैदराबाद ने 2 मैच जीते हैं। पिछले सीजन दोनों टीमों ने एक-एक मैच अपने नाम किया था।

राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

बता दें कि राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम SRH का घरेलू मैदान है और उसे यहां घरेलू दर्शकों का लाभ मिलेगा। इस स्टेडियम की पिच पर गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिलती है। तेज गेंदबाजों की तुलना में स्पिन गेंदबाज असरदार साबित होते हैं। ऐसे में तेज गेंदबाजों को विकेट चटकाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने होंगे। इस पिच पर एक बार बल्लेबाजों की नजरें जम जाती हैं तो वे आसानी से बड़े-बड़े शॉट लगाते हैं।

राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम IPL के 83 मैच की मेजबानी कर चुका है। यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 36 में से 10 मैच जीते हैं, जबकि पहले गेंदबाजी करने वाली टीम ने 47 में से 21 मैच अपने नाम किए हैं। यहां उच्चतम स्कोर का रिकॉर्ड SRH (286/6 बनाम RR, 2025) के नाम दर्ज है। यहां न्यूनतम स्कोर का रिकॉर्ड दिल्ली कैपिटल्स (DC) (80 बनाम SRH, 2013) के नाम है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 161 रन और दूसरी पारी का 155 रन है।

सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की प्लेइंग 11

सनराइजर्स हैदराबाद (SRH)

अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, लियाम लिविंगस्टोन, अनिकेत वर्मा, नीतीश रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग, हर्षल पटेल, उनादकट

इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट प्लेयर्स:  ईशान मलिंगा, सलिल अरोड़, डेवि़ड पेन, शिवम मावी, जिशान अंसारी

लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG)

मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल, एम सिद्धार्थ, आवेश खान, मोहम्मद शमी, दिग्वेश राठी, प्रिंस यादव।

इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट प्लेयर्स: आयुष बदोनी, मैथ्यू ब्रिट्जके, शाहबाज अहमद, नॉर्त्जे, हिम्मत सिंह।

कहां देखें लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं, जहां दर्शक टीवी पर मैच का सीधा प्रसारण दोपहर 3:30 बजे से देख सकते हैं। वहीं, लाइव स्ट्रीमिंग के लिए मुकाबला जियोहॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा आप लल्लूराम डॉट कॉम पर भी मैच के लाइव अपडेट्स देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H