SRH vs LSG IPL 2026: आईपीएल में आज डबल हेडर के पहले मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 5 विकेट से हरा दिया है। हैदराबाद के राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में LSG के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए SRH ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 156 रन बनाए और LSG के सामने 157 रनों का लक्ष्य रखा ।

जवाब में LSG ने कप्तान ऋषभ पंत की नाबाद अर्धशतकीय पारी (68 रन) की मदद से 19.5 ओवर में 160 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। यह लखनऊ की इस सीजन की पहली जीत है, जबकि तीन मैचों में सनराइजर्स की यह दूसरी हार है।

लखनऊ के लिए पंत के अलावा एडेन मार्करम ने 45 और मिचेल मार्श ने 15 रन बनाए। पिछले मैच में पंत सलामी बल्लेबाज के तौर पर खेले थे, लेकिन इस मैच में वह तीसरे स्थान पर उतरे और टीम को जीत दिलाकर नाबाद पवेलियन लौटे।

सनराइजर्स के लिए हर्ष दुबे ने दो विकेट झटके, जबकि ईशान मलिंगा और शिवांग कुमार को एक-एक विकेट मिला।

जीत के लिए नाकाफी साबित हुई नीतीश और क्लासेन की अर्धशतकिय पारी

गौरतलब है कि इस मुकाबले में पहले बल्लेबजी करते हुए हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने महज 4 ओवर के भीतर 3 विकेट गंवा दिए। सलामी बल्लेाबज अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि ट्रेविस हेड 7 रन बनाकर पवेलियन लौटे। दोनों को मोहम्मद शमी ने अपना शिकार बनाया। इसके बाद कार्यवाहक कप्तान ईशान किशन भी सिर्फ 1 रन बनाकर प्रिंस यादव की गेंद पर बोल्ड हो गए।

मिडिल ऑर्डर में लियाम लिविंगस्टोन ने 14 रन बनाए, लेकिन उन्हें दिग्वेश राठी ने आउट कर दिया। इसके बाद हेनरिक क्लासेन और नीतीश रेड्डी ने पारी को संभालते हुए टीम को संकट से बाहर निकाला। दोनों बल्लेबाजों ने शानदार अर्धशतक जड़ते हुए स्कोर को 100 के पार पहुंचाया। नीतीश रेड्डी ने 56 रन की अहम पारी खेली, लेकिन वह मणिमरन सिद्धार्थ की गेंद पर आउट हो गए। वहीं, क्लासेन ने 62 रन बनाए और आवेश खान का शिकार बने। आवेश ने इसी ओवर में अगली ही गेंद पर हर्ष दुबे को शून्य पर आउट कर SRH को बड़ा झटका दिया। आखिरी ओवरों में भी विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा। प्रिंस यादव ने शिवांग कुमार को 5 रन पर आउट किया, जबकि अंतिम गेंद पर हर्षल पटेल को ऋषभ पंत ने रन आउट कर दिया।

लखनऊ की ओर से गेंदबाजी में आवेश खान, मोहम्मद शमी और प्रिंस यादव ने 2-2 विकेट हासिल किए। वहीं, मणिमरन सिद्धार्थ और दिग्वेश राठी को 1-1 सफलता मिली।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H