जुबैर अंसारी/ ​बीरपुर/सुपौल। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करते हुए सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 45वीं वाहिनी ने तस्करी के विरुद्ध एक बड़ा अभियान चलाया है। कमांडेंट गौरव सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में भारी मात्रा में गांजा नशीली दवाइयां और अन्य अवैध सामान बरामद किया गया है।

​मक्के के खेत से 263 किलो गांजा बरामद

​शनिवार को सीमा चौकी पिपराही के अंतर्गत समदा इलाके में गुप्त सूचना के आधार पर विशेष तलाशी अभियान चलाया गया। जवानों ने मक्के के खेत की आड़ में छिपाई गई 09 बोरियां बरामद की जिनमें 263 किलोग्राम गांजा भरा था। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर भागने में सफल रहे। जब्त गांजे को रतनपुरा थाने को सौंप दिया गया है।

​नशीली दवाओं के साथ नेपाली तस्कर गिरफ्तार

​इससे पूर्व 3 अप्रैल को सीमा चौकी शैलेशपुर के जवानों ने पिलर संख्या 205/8 के पास एक संदिग्ध को दबोचा। तलाशी में उसके पास से 90 पीस नाइट्राजेपम टैबलेट और 76 पीस स्पास्मो प्रॉक्सीवोन प्लस कैप्सूल मिले। आरोपी की पहचान नेपाल के सप्तरी निवासी अरविंद कुमार यादव के रूप में हुई है जिसे भीमनगर थाने के हवाले कर दिया गया।

​संयुक्त छापेमारी में भारी मात्रा में सामान जब्त

​एक अन्य कार्रवाई में SSB बिहार पुलिस और सीमा शुल्क विभाग ने भीमनगर निवासी सुरेन यादव के आवास पर संयुक्त छापेमारी की। यहां से 750 किलो लाल मटर 100 लीटर ट्रांसमिशन फ्लूइड 120 परदे और 35 पीस सूट बरामद किए गए। इन वस्तुओं को फारबिसगंज सीमा शुल्क विभाग को सुपुर्द कर दिया गया है।
​इस सफल अभियान में प्रकाश चंद्र झा, नंदलाल, दीपक शर्मा और पंकज कुमार सहित कई अधिकारी व जवान शामिल रहे। कमांडेंट ने स्पष्ट किया कि सीमा पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा।