नालंदा। जिले में इंटरमीडिएट परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को एक परीक्षा केंद्र पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब गणित की परीक्षा दे रहे एक छात्र की अचानक तबीयत बिगड़ गई। यह घटना पीसीपी इंटर कॉलेज, सोहसराय केंद्र की है।

छबीलापुर निवासी रामदेव चौधरी के पुत्र अंकित कुमार पहली पाली में गणित की परीक्षा देने पहुंचे थे। प्रश्न पत्र वितरण के कुछ ही मिनट बाद उन्हें घबराहट महसूस हुई। देखते ही देखते वह अपनी सीट पर चक्कर खाकर गिर पड़े और बेहोश हो गए। परीक्षा कक्ष में मौजूद अन्य छात्रों के बीच हड़कंप मच गया, लेकिन वीक्षकों ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभाल लिया।

एंबुलेंस से मॉडल अस्पताल भेजा गया

घटना की सूचना तुरंत परीक्षा नियंत्रक को दी गई। बिना देर किए एंबुलेंस बुलाई गई और अचेत अवस्था में अंकित को बिहार शरीिफ सदर अस्पताल (मॉडल अस्पताल) भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार छात्र की हालत अब स्थिर है। प्रारंभिक जांच में परीक्षा तनाव या शारीरिक कमजोरी को संभावित कारण माना जा रहा है।

दूसरे दिन शांतिपूर्ण रही परीक्षा

पहले दिन कुछ केंद्रों पर अव्यवस्था की खबरें आई थीं, लेकिन दूसरे दिन पूरे जिले में परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। इस घटना को छोड़कर किसी भी केंद्र से कोई अप्रिय सूचना नहीं मिली।

जिले में इंटर परीक्षा के लिए कुल 40 केंद्र बनाए गए हैं—बिहार शरीफ में 31, हिलसा में 5 और राजगीर में 4 केंद्र शामिल हैं। प्रशासन ने कदाचार मुक्त परीक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए हैं।