अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में छात्रावासों से छात्र-छात्राओं के लापता होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला धुरवार स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छात्रावास का है, जहां 11वीं कक्षा के दो छात्र परीक्षा देने के बाद अचानक लापता हो गए। सुबह उपस्थिति के दौरान दोनों छात्र नहीं मिलने पर हड़कंप मच गया, वार्डन की शिकायत पर सोहागपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि इससे पहले भी जिले के छात्रावासों से छात्राएं लापता हो चुकी हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जिले के धुरवार एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छात्रावास से 11वीं कक्षा के दो छात्र परीक्षा देने के बाद से लापता हो गए हैं। सुबह उपस्थिति के दौरान दोनों छात्र नहीं मिलने पर हड़कंप मच गया। रात्रि गणना के दौरान सभी छात्र छात्रावास में मौजूद थे, लेकिन सुबह की गणना में दो छात्र गायब मिले। दोनों छात्र कक्षा 11वीं के बताए जा रहे हैं। छात्रावास वार्डन अरुण कुमार ने सोहागपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और छात्रों की तलाश शुरू कर दी गई है।

इससे पहले भी सोहागपुर के माता शबरी कन्या परिसर से दो छात्राएं लापता हो चुकी हैं। वहीं गोहपारू छात्रावास की छात्राएं शिकायत लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंची थीं। हर्री के छात्रावास से भी एक छात्रा के लापता होने का मामला सामने आ चुका है। एडिशनल एसपी अभिषेक दिवान के मुताबिक, मामले में अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है। लगातार हो रही घटनाओं ने छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m