सुपौल। किशनपुर ब्लॉक परिसर स्थित सभा भवन के बाथरूम में एक महिला कॉन्स्टेबल का शव फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान आरा जिले के पटखौली निवासी 22 वर्षीय रितु कुमारी के रूप में हुई है। रितु की तैनाती मुजफ्फरपुर जिला बल में थी, लेकिन वर्तमान में वह सुपौल के भीमनगर में अपनी ट्रेनिंग पूरी कर रही थी।

​मोबाइल चार्ज करने के बहाने गई थी बाथरूम

​जानकारी के अनुसार, ईद के मद्देनजर रितु को किशनपुर ब्लॉक परिसर में करीब 40 अन्य महिला कॉन्स्टेबल्स के साथ ठहराया गया था। शनिवार रात करीब 7:30 बजे, रितु मोबाइल चार्ज करने का बहाना बनाकर बाथरूम में गई। जब वह काफी देर तक बाहर नहीं निकली, तो साथियों को संदेह हुआ। दरवाजा खोलने पर रितु का शव फंदे से लटका मिला, जिससे पूरे महकमे में हड़कंप मच गया।

​सुसाइड नोट: खुशी से मरना चाहती हूं

​पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है। रितु के भाई अभिमन्यु के मुताबिक, नोट में लिखा था कि वह अपनी मर्जी से यह कदम उठा रही है और उसे परिवार या माता-पिता से कोई शिकायत नहीं है। रितु ने नोट में यह भी जिक्र किया कि वह ट्रेनिंग छोड़कर कहीं और नहीं जाना चाहती। हालांकि, भाई का कहना है कि उसे समझ नहीं आ रहा कि कोई खुशी से जान क्यों देगा।

​जांच में जुटी पुलिस और FSL टीम

​घटना की गंभीरता को देखते हुए कोसी रेंज के DIG आशीष और अन्य आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। FSL की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

​परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

​रितु के पिता जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि उन्हें स्थानीय थाने से बेटी की तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी, लेकिन यहां पहुंचने पर खुदकुशी की बात पता चली। उन्होंने रितु को एक होनहार बेटी बताया और कहा कि उसने कभी ट्रेनिंग को लेकर कोई शिकायत नहीं की थी।