जुबैर अंसारी/सुपौल। जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीपुर वार्ड-1 में जमीनी विवाद को लेकर रिश्तों के कत्ल की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने ही जेठ और देवर पर जानलेवा हमला, लूटपाट और दुर्व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत के साये में जीने को मजबूर है।
हथियारों से लैस होकर आए आरोपी
पीड़िता संजना मिश्रा (28 वर्ष) द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे उनके जेठ आशीष कुमार और देवर चंदन कुमार लाठी, कुदाली और लोहे की खंती जैसे घातक हथियारों से लैस होकर घर पहुंचे। आरोपियों ने घर के बाहर लगे सरकारी बिजली मीटर और सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। डर के मारे घर में काम कर रहे मजदूरों ने खुद को कमरे में बंद कर लिया।
महिला और बुजुर्ग पर भी हमला
आरोप है कि जब संजना ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। बचाव करने आए उनके पति और बीच-बचाव करने पहुंची दादी सास मधुवाला देवी के साथ भी बर्बरता की गई, जिसमें दादी सास का हाथ कट गया। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ बदसलूकी की गई और जेवर भी छीन लिए गए। ग्रामीणों के जुटने के बाद ही पीड़ित परिवार की जान बच सकी।
न्याय की गुहार
संजना मिश्रा ने प्रतापगंज थाना के साथ-साथ वीरपुर एसडीपीओ और सुपौल एसपी को लिखित आवेदन देकर सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिवार अब भी डरा हुआ है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

