जुबैर अंसारी/सुपौल। जिले से बड़ी खबर है, जहां मंगलवार की अहले सुबह आयकर विभाग की टीम ने पनोरमा ग्रुप के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी है। इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। आयकर विभाग की यह छापेमारी मुख्य रूप से पनोरमा ग्रुप के सीएमडी संजीव मिश्रा से जुड़े विभिन्न ठिकानों पर केंद्रित है।

​छातापुर के रामपुर में घेराबंदी

​जानकारी के अनुसार, छातापुर थाना क्षेत्र के रामपुर स्थित पनोरमा पब्लिक स्कूल परिसर में विभाग की टीम कई वाहनों के साथ पहुंची। अधिकारियों ने पहुंचते ही पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया और गहन तलाशी शुरू कर दी। छापेमारी के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और जांच की गोपनीयता बनाए रखने के लिए मीडियाकर्मियों को भी परिसर से दूर रखा गया। टीम स्कूल के भीतर महत्वपूर्ण दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड्स को खंगाल रही है।

​सियासी गलियारों में चर्चा तेज

​संजीव मिश्रा न केवल एक बड़े कारोबारी हैं, बल्कि बिहार की राजनीति में भी सक्रिय रहे हैं। वह पूर्व में पप्पू यादव की पार्टी (JAP) के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं और मुकेश सहनी (VIP) के बेहद करीबी माने जाते हैं, जहां वे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर थे। साल 2025 के विधानसभा चुनाव में भी वे छातापुर से महागठबंधन के प्रबल दावेदार के रूप में चर्चा में रहे थे।

​आयकर विभाग की चुप्पी

​फिलहाल, आयकर विभाग के अधिकारियों ने इस छापेमारी के कारणों या अब तक हुई बरामदगी को लेकर कोई आधिकारिक बयान साझा नहीं किया है। स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। संजीव मिश्रा का कारोबार रियल एस्टेट से लेकर शिक्षा जगत तक फैला हुआ है, ऐसे में विभाग द्वारा बड़े टैक्स रिटर्न और आय के स्रोतों की जांच किए जाने की संभावना जताई जा रही है।