दिलशाद अहमद, सूरजपुर। शहर में कुछ दिनों पहले 14 वर्षीय नाबालिग की हत्या ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया था। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस हत्या को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस जघन्य वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि मृतक का चचेरा भाई निकला। पुलिस की पूछताछ में उसने जो खुलासा किया, उसे सुनकर सभी हैरान रह गए।

घटना 11 फरवरी 2026 की शाम को घटित हुई। प्रार्थी मंगलूराम पंडो, निवासी महोरा के नाबालिग पुत्र लालसाय के मोबाइल नंबर से उसके मामा मंगलसाय को किसी अज्ञात व्यक्ति ने कॉल किया और बताया कि लालसाय की हत्या कर दी गई है और उसका शव गहुआ भादा जंगल में पड़ा है। यह सुनते ही परिवार और ग्रामीण जंगल की ओर दौड़े, लेकिन अंधेरा होने के कारण खोज अधूरी रह गई।
अगले दिन 12 फरवरी को ग्रामीणों के साथ दोबारा खोजबीन की गई। गहुआ भादा जंगल से पुल भादा की ओर जाने वाली पगडंडी के किनारे लालसाय का शव बरामद हुआ। शव के गले पर गहरे चोट के निशान थे। परिजन शक कर रहे थे कि यह हत्या जमीन बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद की वजह से हुई है। पुलिस ने तुरंत मर्ग कायम कर धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी और एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर देवसाय पंडो को हिरासत में लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने कृत्य का सनसनीखेज खुलासा किया। उसने बताया कि जमीन विवाद के चलते वह पहले से ही लालसाय से रंजिश रखता था। 11 फरवरी की शाम उसने लालसाय को अपने निर्माणाधीन मकान के पास बुलाया। दोनों के बीच विवाद बढ़ा, और आरोपी ने उसे पुल भादा जंगल की ओर ले जाकर टांगी से गले पर वार किया। घायल लालसाय भागने में सफल हुआ, लेकिन देवसाय ने गहुआ भादा के पास दोबारा हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
घटना को और भ्रामक बनाने के लिए आरोपी ने मृतक के मोबाइल से उसके मामा को कॉल कर भ्रम फैलाया और मोबाइल व सिम को झाड़ियों में फेंक दिया। इसके बाद वारदात के अगले दिन खोजबीन में भी शामिल हुआ, ताकि पुलिस के संदेह से बच सके।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर की-पैड मोबाइल, टूटा सिम, मोबाइल बैटरी और घटना में प्रयुक्त टांगी जब्त की। आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई जारी है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

