Surguja News Update : जशपुर। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना 2025 के तहत तीन रूट के बसों को नगरपालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत द्वारा हरी झण्डी दिखाकर शुभारंभ किया गया। इनमें क्रमशः बिचीटोली से मनोरा, जूनाडीह (लवाकेरा) से बासनतला, नारायणपुर (किलकिला) से पत्थलगांव रूट के बसें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त पूर्व में 08 बसें संचालित है। इस प्रकार जशपुर जिले में कुल 11 बसे संचालित हो रही है। इससे जिले के ग्रामीण अंचलों के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सुविधाजनक परिवहन का लाभ मिल सकेगा। यह पहल ग्रामीण अंचलों में बेहतर यातायात सुविधा प्रदान करने और आम जनता की आवागमन को और अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

कट्टा और कारतूस बेचने की फिराक में घूम रहे नाबालिग समेत तीन गिरफ्तार
अंबिकापुर। पुलिस ने कट्टा और कारतूस बेचने की फिराक में घूम रहे एक नाबालिग और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। उनसे कट्टा, कारतूस, स्कूटी जप्त कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, 22 फरवर को पुलिस को जरिये मुखबीर सूचना मिला कि केनापारा बांध मानस मेन्स पालर के पास कुछ युवक अवैध देशी कट्टा व कारतुस बेचने के फिराक में है, उक्त प्राप्त सूचना से वरिष्ठ अधिकारियो को अवगत कराया गया। मामले को संज्ञान मे लेकर डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल द्वारा थाना कोतवाली पुलिस टीम को मामले में त्वरित कार्यवाही कर आरोपियों के विरुद्ध सख़्ती से कार्रवाई किये जाने के लिए निर्देशित किया गया था। इसी क्रम मे नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल के नेतृत्व मे थाना कोतवाली पुलिस टीम द्वारा संदेहियो की घेराबंदी की गई, जो मौके पर एक्टीवा स्कूटी मे तीन युवक मिले जिनसे पूछताछ करने पर मामले मे शामिल विधि से संघर्षरत बालक सहित आरोपियों द्वारा अपना नाम पियुष दुबे पिता मनीष दुबे उम्र 18 वर्ष 03 माह निवासी बौरीपारा दारू भट्टी रोड अंबिकापुर,आकाश दास पिता सहेन्दर दास उम्र 19 वर्ष उम्र केनाबांध बंगाली चौक के पास अंबिकापुर का होना बताये, मौक़े पर आरोपी पीयुष के कब्जे से 01 नग देशी कट्टा, आरोपी आकाश दास के कब्जे से 01 नग जिन्दा कारतूस एवं विधि से संघर्षरत बालक के कब्जे से 01 नग एक्टीवा स्कूटी कमांक जेएच/01/ईएन/5073 जब्त किया गया। नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड में और दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
प्रेमी ने पी लिया कीटनाशक, मौत
अंबिकापुर। शहर से लगे ग्राम कुल्हाड़ी में युवक ने प्रेमिका से विवाद के बाद कीटनाशक का सेवन कर लिया। परिजन उसे शहर के एक निजी चिकित्सालय में लेकर पहुंचे थे। जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि ग्राम कुल्हाड़ी निवासी गणेश कुमार पिता बुधराम 29 वर्ष मजदूरी का काम करता है। उसका कल्याणपुर निवासी एक युवती से प्रेम प्रसंग था। 15 फरवरी की शाम गणेश काम कर वापस लौटा और थोड़ी देर बाद गांव की ओर चला गया। करीब दो घंटे बाद शराब के नशे में वापस लौटा तो पिता बुधराम उसे खाना खाने बोला लेकिन गणेश खाना खाने से मना कर दिया और पिता के साथ एक ही बिस्तर पर सो गया। थोड़ी देर बाद गणेश उल्टी करने लगा तो पिता उससे पूछा क्या पीकर आए हो। गणेश ने बताया कि वह कीटनाशक का सेवन कर लिया है। आनन-फानन में उसे मिशन चिकित्सालय लेकर पहुंचे। जहां गणेश ने पिता को बताया कि उसका प्रेमिका से मनमुटाव हो गया है और इसी वजह से वह कीटनाशक का सेवन कर लिया। जहां उपचार के दौरान गणेश ने दम तोड़ दिया।
लापरवाही पर SDM सहित 4 अधिकारियों को नोटिस, जनपद सीईओ का प्रभार बदला
बैकुंठपुर। गत 17 फरवरी को प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिला मुख्यालय बैकुण्ठपुर में 153 करोड रूपये के विभिन्न कार्यों के लोकार्पण व भूमिपूजन कार्यक्रम सम्पन्न किये। इस दौरान सभी कार्यो के सूचना बोर्ड कार्यक्रम स्थल पर लगाये गये थे जिन कार्यो का मुख्यमंत्री ने भूमिपूजन व लोकार्पण किया था। लेकिन विभागीय लापरवाही जिला मुख्यालय में ऐसी रही कि करोड़ों रूपये के उक्त भूमिपूजन व लोकार्पण कार्यक्रमों के शिलालेखों को सुरक्षित रखने की जगह खुले में फेक दिया गया और कई शिलालेख टूट गये। इसे लेकर विपक्ष के जनप्रतिनिधियों सहित अन्य लोगों ने सोशल मीडिया में पोस्ट कर अपनी कडी नाराजगी व्यक्त की। इस मामले को संज्ञान में लेते हुए आखिरकार जिला प्रशासन ने कार्यवाही करते हुए एसडीएम बैकुंठपुर सहित चार अधिकारियों के विरूद्ध कारण नोटिस जारी किया गया। वहीं जनपद सीईओ को हटा दिया गया। उल्लेखनीय है कि विगत दिनों कोरिया महोत्सव पर आयोजित लोकार्पण एवं भूमि पूजन कार्यक्रम के उपरांत व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने त्वरित कदम उठाए हैं। कार्यक्रम में उपयोग किए गए शिलालेखों के सुरक्षित संधारण में लापरवाही बरतने को लेकर लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंताओं, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बैकुंठपुर तथा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बैकुंठपुर को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश – दिए गए हैं। इसी क्रम में प्रशासनिक व्यवस्था में अमूलचूल परिवर्तन करते हुए जनपद पंचायत, बैकुंठपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ खैरवार को आगामी आदेश तक जिला पंचायत, बैकुंठपुर में पदस्थ किया गया है।
बजट सत्र के चलते नोडल अधिकारी नियुक्त, अवकाश पर रोक
बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से 20 मार्च तक संचालित होगा। सत्र के दौरान प्राप्त होने वाले विधानसभा प्रश्न, ध्यानाकर्षण सूचनाएँ एवं प्रस्तावों पर त्वरित एवं समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन कोरिया द्वारा आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएँ की गई हैं। जारी आदेश के अनुसार दीनदयाल मंडावी अपर कलेक्टर को नोडल अधिकारी तथा अमित कुमार गुप्ता, संयुक्त कलेक्टर को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नियुक्त अधिकारी विधानसभा से प्राप्त प्रश्नों एवं सूचनाओं की जानकारी नियमित रूप से प्राप्त कर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर उत्तर राज्य शासन को प्रेषित कराना सुनिश्चित करेंगे। कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के
निर्देशानुसार सत्रवधि के दौरान जिले के सभी शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अवकाश तथा मुख्यालय छोड़ने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। केवल अत्यावश्यक परिस्थितियों में ही कलेक्टर की पूर्व अनुमति से अवकाश स्वीकृत किया जाएगा। सभी विभागाध्यक्षों एवं जिला प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने विभाग में विधानसभा कार्य हेतु विशेष सेल का गठन करें। प्राप्त प्रश्नों के उत्तर समय-सीमा में तैयार कर फैक्स एवं ईमेल के माध्यम से प्रेषित किए जाएँ तथा उसकी प्रति, पावती तत्काल कलेक्टर कार्यालय, कक्ष क्रमांक 7 अधीक्षक शाखा में उपलब्ध कराई जाए। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विधानसभा सत्र के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए शासन स्तर पर प्रेषित की जाने वाली जानकारी को समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
नियमितीकरण के लिए रसोइयों ने शुरू की बेमुद्दत हड़ताल
अंबिकापुर। नियमितीकरण और मानदेय बढ़ाए जाने की मांग को लेकर मध्यान्ह भोजन रसोईयों ने एक बार फिर से बेमुद्दत हड़ताल शुरू कर दिया है। संभाग मुख्यालय अंबिकापुर के कलेक्ट्रेट एसबीआई ब्रांच मार्ग में धरना पर बैठे मध्यान्ह भोजन रसोईए धरना स्थल पर ही खाना बनाने के साथ भोजन कर रहे हैं और पंडाल के नीचे ही रात भी गुजार रहे हैं। मध्यान्ह भोजन रसोईयों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी तब तक आंदोलन जारी रहेगा। छत्तीसगढ़ प्रदेश रसोईया विकास महासंघ की प्रदेश अध्यक्ष चिंतामणी दास ने कहा ने कहा कि । प्राथमिक शाला और माध्यमिक शालाओं में 1995 से सेवा देते आ रहे मध्यान्ह भोजन रसोईया अल्प मानदेय के चलते रोजमर्रा की जरूरतों के सामानों के लिए तरस रहे हैं। न तो बच्चों का ढंग से भरण पोषण कर पा रहे हैं और न ही बेहतर शिक्षा दे पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 21 वर्ष पूर्व मात्र 350 के मानदेय में उन्होंने स्कूलों में रसोईया की जिम्मेदारी संभाली थी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


