Surguja News Update : अंबिकापुर। घर के कमरे में पानी भरे बाल्टी में मासूम गिर गया, जिससे पानी में सिर डूब जाने से उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम किया है। जानकारी के अनुसार उदयपुर थाना अंतर्गत ग्राम झिरमिटी निवासी दीपक तिर्की शहर के बिलासपुर चौक के समीप लक्ष्मीपुर में मोना तिवारी के यहां किराए के मकान में रहकर ढाबा में काम करता है। बीती रात लगभग 2:30 बजे ड्यूटी कर घर पहुंचा तो देखा 11 माह का पुत्र अंश तिर्की जगा हुआ था। कुछ देर खिलाने के पश्चात उसे अपने और पत्नी के बीच सुलाकर सो गया। तड़के पत्नी सुनीता उठी तो देखा कि बेटा बिस्तर में नहीं है। वह कमरे में बेटे को ढूंढने लगी। इसी बीच जब बाल्टी के पास पहुंची तो उसके होश उड़ गए। बेटे का सिर पानी भरे बाल्टी के अंदर था, जबकि पैर ऊपर था। तत्काल बेटे को बाहर निकालकर शोर मचाने लगी। पत्नी की आवाज सुन दीपक उठा और बेटे को अचेत देख पेट दबाकर पानी निकाला और तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने जांच उपरांत मासूम को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम करने के पश्चात शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द किया है।

कनहर नदी में जहरीला पदार्थ डालने से मछलियों की मौत

रामानुजगंज। नगर को पानी आपूर्ति करने वाली जीवनदायिनी कनहर नदी में कथित रूप से जहरीला पदार्थ डाले जाने का मामला सामने आया है। जहरीले पदार्थ के कारण नदी के एनीकट में मौजूद बड़ी संख्या में मछलियां मर गईं। इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। नगर पालिका प्रबंधन की ओर से इसकी शिकायत पुलिस से भी की गई है, लेकिन अब तक पानी में जहरीला पदार्थ डालने वालों का पता नहीं चल सका है। बता दें कि नगरवासियों को पानी की आपूर्ति कनहर नदी से की जाती है। क्षेत्रवासियों को नियमित रूप से पानी सप्लाई देने के उद्देश्य से इस नदी पर एनीकट का निर्माण कराया गया है, ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को पानी की किल्लत से जूझना न पड़े। इसके साथ ही इस एनीकट में बड़ी संख्या में मछलियां भी मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा नदी में जहरीला पदार्थ डाल दिया गया, जिसका खुलासा एनीकट क्षेत्र में मृत मछलियों के मिलने से हुआ। शुक्रवार सुबह यहां मृत मछलियों का ढेर देखा गया।

सांसद चिंतामणि महाराज ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से की सौजन्य भेंट

अंबिकापुर। सांसद चिंतामणि महाराज ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किन्जारापु रम मोहन नायडू से सौजन्य भेंट कर दरिमा एयरपोर्ट से दिल्ली एवं कोलकाता के लिए हवाई सेवा प्रारंभ करने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक पहल सरगुजा अंचल के विकास, पर्यटन और व्यापार को नई गति प्रदान करेगी।

चार दिन तक अचेत रहे युवक की मौत

अंबिकापुर। शराब पीने के बाद चार दिनों तक युवक अचेत रहा। परिजनों ने युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम किया है। जानकारी के अनुसार भटगांव थाना अंतर्गत ग्राम बंशीपुर निवासी जतन शांडिल्य (34 वर्ष) 27 मार्च की शाम ईंट भट्टा से काम कर घर आया और कुछ समय बाद पत्नी को घूमने जाने की बात कहकर चला गया। रात 10 बजे तक घर नहीं लौटने पर पत्नी बाहर देखने निकली तो पति घर के सामने टहल रहा था। इसके बाद पत्नी बच्चे के साथ सो गई। इसी बीच पति कमरे में आया और शराब पीने के बाद बड़बड़ाते हुए सो गया। सुबह पत्नी ने उठाने की कोशिश की तो उसने आराम करने की बात कही। शाम को उठाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो दिन बाद भी होश नहीं आने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कार पलटने से महिला की मौत

अंबिकापुर। बतौली थाना अंतर्गत ग्राम सरमाना निवासी बलधनी बाई (58 वर्ष) अपने बेटे तिलेश्वर, बहू व चार वर्षीय पोते के साथ इलाज के लिए शहर आ रही थीं। जैसे ही वे लुचकी घाट मंदिर के समीप पहुंचे, चालक तिलेश्वर ने सामने से आ रहे वाहन को साइड देने की कोशिश की। इसी दौरान कार का पहिया सड़क किनारे पत्थर पर चढ़ गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बलधनी बाई गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि अन्य लोग भी घायल हुए। सभी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान बलधनी बाई की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

ग्रामीण पर टांगी से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर। बकरी के आंगन में घुसकर टमाटर खाने से नाराज एक ग्रामीण ने बकरी मालिक पर टांगी से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार उदयपुर थाना अंतर्गत ग्राम केदमा पेंडरखी निवासी दिलेश्वर रजक 16 फरवरी को बकरी चराने गया था। इसी दौरान एक बकरी शोभनाथ के आंगन में घुसकर टमाटर की फसल खा गई। इससे नाराज होकर शोभनाथ ने गाली-गलौज करते हुए टांगी से हमला कर दिया, जिससे दिलेश्वर घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 296, 351(3), 115(2) के तहत मामला दर्ज किया। बाद में गंभीर चोट पाए जाने पर धारा 109 भी जोड़ी गई। आरोपी शोभनाथ (53 वर्ष) ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया।

कीटनाशक पीने से ग्रामीण की मौत

अंबिकापुर। पस्ता निवासी राम प्रसाद (46 वर्ष) ने 2 अप्रैल की शाम शराब पीकर घर आने के बाद कीटनाशक पी लिया। कमरे में कीटनाशक की गंध आने पर बेटी और पत्नी ने पूछताछ की, तो उसने अंतिम बार बात करने की बात कही और उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तत्काल जिला चिकित्सालय ले गए, जहां से गंभीर स्थिति में रेफर कर दिया गया। बाद में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पत्नी व बेटी से विवाद के बाद ग्रामीण ने लगाई फांसी

अंबिकापुर। ग्राम बलसेढ़ी निवासी धनेश्वर (40 वर्ष) शुक्रवार को शराब के नशे में घर आया और पत्नी व बेटी से विवाद करने लगा। शोर सुनकर पिता ने उसे समझाया और वापस चले गए। बाद में पत्नी और बेटी स्नान करने चली गईं। लौटने पर देखा कि धनेश्वर फांसी पर लटका हुआ है। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर कार्रवाई की है।

स्वास्थ्य मंत्री ने नशा मुक्ति केंद्र का किया शुभारंभ

मनेन्द्रगढ़। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नगर निगम चिरमिरी के वार्ड क्रमांक 28 में 15 बेड के अत्याधुनिक नशा मुक्ति केंद्र का शुभारंभ किया गया। समाज कल्याण विभाग के प्रयासों से स्थापित यह केंद्र नशा पीड़ित व्यक्तियों के उपचार, काउंसलिंग और पुनर्वास के लिए समर्पित रहेगा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, चिरमिरी महापौर रामनरेशा राय, समाज कल्याण विभाग के संचालक प्रभाकर कुमार द्विवेदी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।