T20 World Cup: टी-20 वर्ल्ड कप में भारत चैंपियन बन गया है। आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) की अगुवाई में टीम इंडिया (Team India) ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। खास बात यह रही कि भारत ने लगातार दूसरी बार यह ट्रॉफी जीती और पहली बार अपने ही घर में विश्व चैंपियन बना। टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद आधी रात को कप्तान सूर्यकुमार यादव और कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir( टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी (T20 World Cup Trophy) लेकर अहमदाबाद हनुमान मंदिर (Hanuman Temple) पहुंचे। यहां उन्होंने संकट मोचन के दर्शन कर टीम की ऐतिहासिक जीत के लिए आशीर्वाद लिया। इस दौरान आईसीसी चेयरमैन जय शाह भी मौजूद रहे।

बता दें कि 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीत लिया है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में दिवाली जैसा माहौल है। प्रशंसक सड़कों पर नाच रहे हैं, आतिशबाजी कर रहे हैं और तिरंगा फहराकर खुशी मनाते रहे।

इधर कप्तान सूर्यकुमार यादव देर रात वर्ल्ड कप ट्रॉफी लेकर अहमदाबाद के हनुमान मंदिर पहुंचे और पूजा की। इस दौरान ICC चेयरमैन जय शाह और टीम के हेड कोच गौतम गंभीर भी उनके साथ थे।इस दौरान मंदिर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात नजर आया। कप्तान सूर्या ने ट्रॉफी के साथ मंदिर में प्रवेश किया और बजरंग बली के सामने माथा टेका।

भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने कहा कि वह ड्रेसिंग रूम में मौजूद लोगों के प्रति ही जवाबदेह हैं और उन्होंने टी-20 विश्व कप में भारत की खिताबी जीत वीवीएस लक्ष्मण और राहुल द्रविड़ को समर्पित की। गंभीर ने कहा कि मेरी जवाबदेही सोशल मीडिया पर लोगों के लिये नहीं है। मेरी जवाबदेही उन 30 लोगों के लिये है जो चेंज रूम में हैं। कोच टीम से बनता है। खिलाड़ियों ने मुझे वह कोच बनाया, जो मैं हूं। मैं यह ट्रॉफी राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण को समर्पित करता हूं। राहुल भाई को भारतीय टीम को इस मुकाम तक लाने के लिए और लक्ष्मण को सीओई में खिलाड़ियों की पाइपलाइन बनाने के लिए।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m