बस्ती. शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद रविवार को राष्ट्रीय ब्राह्मण महासभा की ओर से आयोजित ‘सनातन संवाद’ कार्यक्रम में शामिल हुए. जहां उन्होंने 2027 में यूपी में अपने प्रत्याशी उतारने की बात कही है. उन्होंने कहा कि अगर आने वाले 2027 के चुनाव में कोई भी राजनैतिक दल गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की बात नहीं करेगा, तो वे खुद अपना कोई प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतार देंगे. उन्होंने सनातनियों को एक होकर आने वाले चुनाव में वोट करने की अपील की.

स्वामी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 16 करोड़ पशुओं को मारकर उनका मांस बेच दिया गया. यूपी सरकार इस पर रोक नहीं लगा सकी. पहले के मुख्यमंत्री अगर गायों के मांस की बिक्री पर रोक नहीं लगा पाए तो योगी सरकार ने भी उस पर क्यों रोक नहीं लगाई. इसका मतलब इनकी इच्छा ही नहीं है कि गाय को कटने से रोका जाए.

इसे भी पढ़ें : ये हिंदुओं का देश है, यहां के सभी नेता को…गौरक्षा की बात करते हुए शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने दिया बड़ा बयान, संतों पर भी उठाए सवाल

स्वामी ने कहा कि योगी बनने के बाद वो मुख्यमंत्री बन जाएं, ये सांसारिक पद है. तो कोई भी योगी, यति चाहे वो किसी भी संप्रदाय का हो, वो कोई भी सांसारिक पद नहीं सम्भाल सकता. इसलिए जो साधु, सन्यासी, योगी, यति राजनीति में आकर पद धारण करने की कोशिश कर रहे हैं उन सबको हम कहना चाहते हैं कि ये आपकी मर्यादा के अनुकूल नहीं होगा. इसलिए इस बारे में विचार करना छोड़ दीजिए. स्वामी ने आगे ये भी कहा कि यदि योगी सांसारिक पद चुनते हैं तो पायजामा कुर्ता पहनकर राजनीति करें हमें स्वीकार है. लेकिन यदि मठ का पद चुनते हैं तो जैसे हैं वैसे ही रहिए हम आपका समर्थन करेंगे.