शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती गाय और सनातन की रक्षा के लिए 11 मार्च को लखनऊ में सभा करेंगे. उन्होंने कहा कि सभी शंकराचार्य से आदेश लेकर यह धर्मयुद्ध शुरू किया गया है, जिसकी शुरुआत काशी से हुई है. इस बीच स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने धीरेंद्र को इस अभियान में शामिल होने का न्योता दिया है. धीरेंद्र शास्त्री का बयान सामने आया था कि उन्हें इस अभियान में शामिल होने के लिए कोई सूचना नहीं दी गई है. जिसके बाद स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने मीडिया के माध्यम से उन्हें न्योता दिया है.

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि ‘आमंत्रण हमने किसी को नहीं दिया है. यही तो हम देखना चाहते हैं कि गऊ माता के लिए कौन-कौन कहां कहां खड़ा है. लेकिन अगर उनके मन में ये बात है कि आमंत्रण होता तो हम आते तो हम उन्हें सादर आमंत्रित कर रहे हैं. हे धीरेंद्र शास्त्री जी आप आइए. आप ये चाहते भी थे, आपके पहले भी वक्तव्य आए थे कि हम सबको एक होना चाहिए. तो गऊ माता की रक्षा के लिए हम सब एक हो जाएं और गऊ माता की रक्षा की आवाज को बुलंद करें. तो आपका स्वागत है आप आइए’.

इसे भी पढ़ें : गौ रक्षा को लेकर राजधानी में सभा करेंगे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद, कहा- तीनों शंकराचार्यों से आदेश लेकर ये धर्म युद्ध शुरू किया है, समय आने पर चारों साथ दिखेंगे

बता दें कि शुक्रवार को ही वाराणसी में पत्रकारों से चर्चा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने कहा था वे कि सभी संतों के अभियान से जुड़े हैं. जो जो सनातन का, गौमाता का, गीता का, गाय का, गंगा का, गोविंद का, गोपाल का कार्य कर रहे हैं हम उनके दास हैं. वहीं हिंदू राष्ट्र और यूजीसी को लेकर कहा कि हम इस देश को जोड़ना चाहते हैं, तोड़ना नहीं. यूजीसी पर पुनर्विचार किया जाए, देश में खाई या दीवार नहीं बनाई जाए. एकता के सूत्र में सबको पिरोया जाए ताकि भारत भव्य हो, दिव्य हो, नव्य हो और फिर से विश्वगुरु हो.