Brendan Taylor : इंटरनेशनल क्रिकेट में 39 साल की उम्र में भी एक्टिव रहना, वो भी टी20 फॉर्मेट में, यह कम ही देखने को मिलता है, क्योंकि इस फॉर्मेट में युवा खिलाड़ियों को तरजीह मिलती है. लेकिन एक क्रिकेटर ऐसा है, जो 39 साल की उम्र में टी20 विश्व कप 2026 में धमाल मचाने उतरेगा. ये वही खिलाड़ी है, जिसने 2007 का टी20 विश्व कप खेला था और अब 2026 में भी उसे स्क्वाड में जगह मिली है. पूरे 12 साल बाद वह इस मेगा इवेंट में नजर आएगा.

2007 में खेले हुए पहले टी20 विश्व कप में जितने भी क्रिकेटर खेले थे, उनमें से सिर्फ यही इकलौता खिलाड़ी है, जो 2026 में भी खेलता दिखेगा. यह 5वां मौका है, जब वह अपने देश के लिए खिताब जीतने का सपना लेकर मैदान पर उतरने वाला है. जिस खिलाड़ी की यहां बात हो रही है, वह कोई और नहीं बल्कि ब्रेंडन टेलर हैं, जो जिम्बाब्वे टीम का हिस्सा हैं और विकेटकीपिंग के साथ तूफानी बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं.
टी20 विश्व कप 2026 जैसे ही 39 साल का यह खिलाड़ी मैदान पर कदम रखेगा, तो नया रिकॉर्ड बन जाएगा. टेलर के नाम करीब दो दशक तक टी20 विश्व कप में खेलने का रिकॉर्ड दर्ज हो जाएगा. ऐसा न तो रोहित शर्मा कर पाए और न ही विराट कोहली. रोहित 2007 के टी20 विश्व कप का हिस्सा थे, लेकिन 2024 में भारत को चैंपियन बनाकर उन्होंने इस फॉर्मेट को अलविदा कह दिया था.
टेलर ने कब-कब खेला टी20 विश्व कप?
ब्रेंडन टेलर 2007, 2010, 2012 और 2014 के टी20 विश्व कप में जिम्बाब्वे के लिए खेल चुके हैं. 2007 में उन्हें 2 मैच खेलने का मौका मिला था. पहला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ, जिसमें उन्होंने नाबाद 65 रन बनाए थे. ये वही पारी थी, जिसके दम पर जिम्बाब्वे ने बड़ा उलटफेर करते हुए ऑस्ट्रेलिया को मात दी थी. दूसरा मैच इंग्लैंड के खिलाफ था, जिसमें टेलर ने 47 रन किए थे.
12 साल बाद टी20 विश्व कप में खेलेंगे
ब्रेंडन टेलर ने आखिरी टी20 विश्व कप 2014 में खेला था. फिर 2015 में रिटायरमेंट ले लिया. 2017 में दोबारा इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की. जनवरी 2022 में इस खिलाड़ी पर आईसीसी ने भ्रष्टाचार और डोपिंग नियमों के उल्लंघन के चलते बैन लगा दिया था, जो 2025 में खत्म हुआ. बैन झेलने के बाद उन्हें फिर से टीम में जगह मिली है.
कैसा है ब्रेंडन टेलर का इंटरनेशनल करियर?
ये वही खिलाड़ी है, जिसने 2004 में जिम्बाब्वे के लिए इंटरनेशनल डेब्यू किया. तब से लेकर अब तक 36 टेस्ट मैचों में 2403 रन बनाए हैं. वनडे के 207 मैचों में 6704 रन बनाए, जबकि 58 टी20 मैचों में 1185 रन किए हैं. इस खिलाड़ी के नाम तीनों फॉर्मेट में 18 शतक भी दर्ज हैं.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


