IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल मुकाबला 5 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैच में टीम इंडिया के लिए वह बैटर कमाल कर सकता है, जो इस सीजन रनों के लिए तरस गया है. यह वही खिलाड़ी है, जिसने एक साल पहले इसी मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ एकतरफा अंदाज में जीत दिलाई थी.

IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल का मंच तैयार है. दोनों टीमें मुंबई के ऐतिहासिक मैदान वानखेड़े स्टेडियम में फाइनल की टिकट हासिल करने के लिए दम दिखाएंगी. इस मुकाबले में अंग्रेजों के लिए उस भारतीय बल्लेबाज से सबसे बड़ा खतरा है, जो इस सीजन फ्लॉप रहा है. यह कोई और नहीं बल्कि तूफानी ओपनर अभिषेक शर्मा हैं. देखना दिलचस्प होगा कि जिस मैदान पर अभिषेक ने साल भर पहले इंग्लैंड के खिलाफ 13 छक्कों वाला ऐतिहासिक तूफान खड़ा किया था, क्या वहीं से भारत के फाइनल का रास्ता साफ होगा? आइए जानते हैं कि वानखेड़े में अभिषेक क्यों इंग्लिश टीम पर अकेले भारी पड़ सकते हैं.

वानखेड़े में क्यों रन बना सकते हैं अभिषेक शर्मा?

वानखेड़े स्टेडियम में अभिषेक के नाम का तूफान आ सकता है. वह रनों की बारिश कर सकते हैं, क्योंकि उनका यहां रिकॉर्ड बढ़िया है. यह मैदान उनके लिए खास है. वह यहां अपने करियर के दो में से एक शतक ठोक चुके हैं. जिस टीम के खिलाफ शतक मारा था, वह कोई और नहीं बल्कि इंग्लैंड ही थी.

एक साल पहले यानी 2 फरवरी 2025 को भारत और इंग्लैंड के बीच वानखेड़े में टी20 मैच खेला गया था, जिसमें अभिषेक शर्मा ने एक-दो नहीं बल्कि पूरे 13 छक्के लगाए थे. उनके बल्ले से 54 गेंदों में 135 रन निकले थे, जो कि उनका बेस्ट प्रदर्शन भी है.

उस मुकाबले में टीम इंडिया ने 20 ओवर में 247 रन बनाए थे और जवाब में इंग्लैंड की टीम महज 97 रनों पर ढेर हो गई थी. भारत ने यह मैच 150 रनों से जीत लिया था. जीत के हीरो अभिषेक ही थे. अब एक बार फिर वह सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ कहर बनकर टूटने को तैयार होंगे.

इसे भी पढ़ें: रोहित के वो 15 जादुई शब्द, जिन्होंने Sanju Samson के अंदर फूंकी जान, फिर ‘चेट्टा’ ने 97 रन ठोक दिलाया सेमीफाइनल का टिकट

टी20 विश्व कप 2026 में अभिषेक शर्मा के आंकड़े

अभिषेक शर्मा के लिए टी20 विश्व कप 2026 अब तक खास नहीं गया है. पहले तीन मैचों में तो वह लगातार जीरो पर आउट हुए. फिर चौथे मुकाबले में अफ्रीका के खिलाफ 15 रन बनाए. जिम्बाब्वे के खिलाफ 30 गेंदों पर 55 रनों की उम्दा पारी आई थी, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ सिर्फ 10 रन बनाकर चलते बने. मतलब अब तक 6 मैचों में वह 13.33 की औसत से सिर्फ 80 रन बना पाए हैं, वह भी 131.14 के स्ट्राइक रेट से. उनके बल्ले से 8 चौके और सिर्फ 5 छक्के निकले हैं.

इसे भी पढ़ें: T20 World Cup 2026 Prize Money: खिताब जीतने वाली टीम को ICC देगा इतने करोड़, रनरअप और सेमीफाइनलिस्ट भी होंगे मालामाल

कैसा है अभिषेक का टी20 इंटरनेशनल करियर?

अपने करियर में अभिषेक ने अब तक भारत के लिए 44 टी20 मैच खेले हैं, जिनमें 33.58 की औसत से कुल 1377 रन बनाए हैं. वह 2 शतक और 9 फिफ्टी जड़ चुके हैं. उन्होंने कुल 83 छक्के और 131 चौके लगाए हैं. डेब्यू के बाद से ही अभिषेक ने दुनिया भर के गेंदबाजों में अपने नाम का खौफ भर दिया था, लेकिन इस एडिशन में उनका बल्ला खामोश रहा है. अब देखना दिलचस्प होगा कि सेमीफाइनल में यह बल्लेबाज क्या कर पाता है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H