T20 World Cup 2026: संजू सैमसन के लिए 1 मार्च 2026 का दिन बेहद खास रहा है. टी20 विश्न कप 2026 के सुपर 8 के आखिरी मुकाबले में उनकी 97 रनों की पारी के दम पर ही टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को मात दी और सेमीफाइनल का टिकट कटाया. कोलकाता केईडन गार्डन्स में भारतीय टीम 196 रनों के टारगेट का पीछा कर रही थी. एक तरफ से विकेट गिर रहे थे, लेकिन संजू क्रीज पर डटे रहे और उन्होंने 50 बॉल पर नाबाद 97 रन बनाकर टीम इंडिया को जीत दिलाई. वो चाहते तो शतक पूरा कर सकते थे, लेकिन उन्होंने अपने शतक की चिंता किए बिना टीम के लिए सिंगल-डबल रन लिए. कोई जोखिम नहीं उठाया और भारत को जीत दिलाकर वापस लौटे.

संजू की नाबाद 97 रनों की पारी के दम पर ही टीम इंडिया ने टी-20 वर्ल्ड कप में अपना सबसे बड़ा रन चेज करते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की की है. विंडीज ने 196 रनों का टारगेट दिया था, जिसे भारत ने 5 विकेट खोकर 19.2 ओवर में हासिल कर लिया. जीत के हीरो संजू सैमसन रहे, जिन्होंने 97 रन की पारी खेलकर विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ दिया.

संजू ने चौका लगाकर मैच जिताया और पिच पर बैठकर ईश्वर का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने दोनों हाथ हवा में उठाए और आसमान की तरफ देखा. मैच के बाद वो इमोशनल दिखे और उन्होंने इस दिन को अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा दिन करार दिया. टीम से अंदर-बाहर रहने वाले संजू के लिए यह पल बेहद खास रहा. यहां हम जानेंगे कि उन्होंने रोहित-विराट का कौन सा रिकॉर्ड तोड़ा और मैच के बाद क्या कहा.

सबसे पहले जानते हैं कि आखिर संजू नंबर 1 कैसे बने?

संजू भले ही शतक से चूक गए हों, लेकिन उनकी 97 रनों की पारी ऐतिहासिक है, जिसके दम पर इस खिलाड़ी ने 19 साल का इतिहास बदल दिया. टी20 विश्व कप में संजू टारगेट चेज करते हुए भारत के लिए सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. संजू ने 194 की स्ट्राइक रेट से वेस्टइंडीज के खिलाफ 50 गेंदों पर नाबाद 97 रन बनाए, जो कि टी20 वर्ल्ड कप में किसी भी भारतीय बल्लेबाज का अब सबसे बड़ा स्कोर बन गया है. संजू सैमसन से पहले यह रिकॉर्ड दिग्गज विराट कोहली के नाम था, जिन्होंने पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 82 रन बनाए थे.

भारत के लिए T20 WC में रन चेज करते हुए सर्वश्रेष्ठ पारियां

97- संजू सैमसन बनाम वेस्टइंडीज, ईडन गार्डन्स, 2026

82- विराट कोहली बनाम ऑस्ट्रेलिया, मोहाली, 2016

82- विराट कोहली बनाम पाकिस्तान, एमसीजी, 2022

78- विराट कोहली बनाम पाकिस्तान, कोलंबो (RPS), 2012

72- विराट कोहली बनाम साउथ अफ्रीका, मीरपुर, 2014

रोहित शर्मा को इस मामले में पछाड़ा

संजू की 97 रनों की पारी टी20 विश्व कप में किसी भी भारतीय के बल्ले से निकला दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है. इस मामले में सुरेश रैना नंबर 1 पर हैं, जिन्होंने 101 रनों की पारी खेली थी. उनके बाद संजू और नंबर 3 पर रोहित शर्मा का नाम है, जिन्होंने पिछले टी20 विश्व कप यानी 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 92 रन ठोके थे.

अब जान लेते हैं कि आखिर मैच के बाद संजू सैमसन ने क्या कहा?

मैच के बाद संजू सैमसन ने रोहित-विराट का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि भले ही उन्होंने 60 मैच भारत के लिए खेले हों, मगर 100 मैचों में रोहित-विराट को खेलते देखा है. रोहित-विराट-धोनी को देखकर सीखा कि परफेक्ट कैसे हुआ जाता है. उन्हें देखकर मुझे मेरे अनुभव में इजाफा हुआ. मुझे अपने डेब्यू से ही इस दिन का इंतजार था, जिस दिन मैं एक स्पेशल पारी खेलूं. ऐसा हुआ और ये मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा दिन है. संजू ने बताया कि आज जो किया वो विराट और रोहित को देखकर ही सीखा था. संजू सैमसन तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक लगा चुके हैं, लेकिन उन्होंने अपनी इस 97 रनों की पारी को उन शतकों पर भारी बताया.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H