Suryakumar Yadav: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया खिताब जीतने से सिर्फ 2 कदम दूर है. सुपर 8 के आखिरी मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है. अब 5 मार्च को होने वाले दूसरे सेमीफाइनल में वो इंग्लैंड से भिड़ेगी. यह मुकाबला 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े मैदान पर होगा, जिसमें सूर्यकुमार यादव के पास एक खास उपलब्धि हासिल करने का बढ़िया मौका है. अगर उनके बल्ले से 17 रन निकल गए तो साउथ अफ्रीका टीम के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स का एक खास रिकॉर्ड टूट जाएगा.

सूर्यकुमार यादव टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में टॉप 10 में एंट्री कर सकते हैं. 17 रन बनाते ही वो एबी डिविलियर्स और केन विलियमसन को पछाड़ देंगे. एबी डिविलियर्स के नाम T20 वर्ल्ड कप में 717 रन दर्ज हैं, जबकि केन विलियमसन ने 727 रन बनाए हैं. सूर्या अब तक 24 पारियों में 39.50 के औसत और 150.63 के स्ट्राइक रेट से 711 रन बना चुके हैं. अब वो इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 17 रन बनाते ही इन दोनों दिग्गजों को पछाड़ देंगे.

टी20 विश्व कप 2026 में सूर्यकुमार यादव ने क्या किया?

टी20 विश्व कप 2026 में सूर्या ने बतौर कप्तान और बतौर बल्लेबाज कमाल का प्रदर्शन किया है. पहले तो टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज के चारों मैच जीते. हालांकि सुपर 8 के पहले ही मैच में उसे साउथ अफ्रीका ने हरा दिया था, लेकिन इसके बाद टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज को मात देकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया है. इस एडिशन में सूर्या ने 7 मैच खेलकर 231 रन बनाए हैं. ये रन 38.50 की औसत और 132.88 के स्ट्राइक रेट से आए हैं. उनके बल्ले से 21 चौके और 9 छक्के भी निकले.

टॉप 2 बैटर हैं भारतीय दिग्गज

टी20 विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में विराट कोहली 1292 रनों के साथ टॉप पर हैं. दूसरे नंबर पर रोहित शर्मा का नाम है, जिन्होंने 1220 रन किए हैं. जोस बटलर 1075 रनों के साथ तीसरे स्थान पर हैं, जबकि श्रीलंका के पूर्व स्टार बल्लेबाज महेला जयवर्धने 1016 रन के साथ चौथे स्थान पर हैं. सूर्यकुमार इस लिस्ट में 12वें नंबर पर हैं.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H