T20 World Cup 2026 IND vs USA, India Playing 11: टी20 विश्व कप 2026 का आज से आगाज हो चुका है. टीम इंडिया अपना पहला मैच आज शाम 7 बजे से मुंबई के वानखेड़े मैदान पर अमेरिका के खिलाफ खेलने उतरेगी. इस मैच से ठीक पहले टीम इंडिया के लिए बुरी खबर आई है, क्योंकि एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत का एक मैच-विनर प्लेयर बुखार की चपेट में आ गया है. इसलिए कप्तान सूर्यकुमार यादव को प्लेइंग 11 में बदलाव करने पड़ सकते हैं.

टी20 विश्व कप 2026 के आगाज से ठीक पहले भारत के स्टार बॉलर हर्षित राणा घुटने की चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे. उनकी जगह मोहम्मद सिराज को लाया गया है. अब पहले मैच में मैच-विनर जसप्रीत बुमराह का खेलना मुश्किल है. एक रिपोर्ट के मुताबिक जस्सी अचानक बीमार पड़ गए हैं, इसलिए अमेरिका के खिलाफ ओपनिंग मैच में उन्हें रेस्ट दिया जा सकता है.

बुमराह की जगह कौन खेलेगा?

6 फरवरी को जसप्रीत बुमराह टीम इंडिया के प्रैक्टिस सेशन में शामिल हुए थे, लेकिन उन्होंने अभ्यास नहीं किया. वो ठीक फील नहीं कर रहे थे. ग्रुप स्टेज और सुपर 8 के मैचों को देखते हुए टीम मैनेजमेंट बुमराह को रेस्ट देने का मन बना चुका है. अब अगर उन्हें आराम दिया गया तो अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज नाम के 2 तेज गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतर सकते हैं. तीसरे पेसर के तौर पर हार्दिक पांड्या रहेंगे.

अमेरिका के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग 11

अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती.

दमदार फॉर्म में है भारतीय टीम

टीम इंडिया पहले मैच में जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज करना चाहेगी. इस वक्त मेन इन ब्लू तगड़े फॉर्म में है. हाल में उसने न्यूजीलैंड को 5 मैचों की टी20 सीरीज में 4-1 से मात दी थी. रायपुर में खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत ने 209 रन का टारगेट महज 15.2 ओवर में चेज कर लिया था. 2024 के टी20 विश्व कप के बाद भारतीय टीम ने 8 टीमों के खिलाफ बाइलेटरल सीरीज खेली और सभी जीतीं. टीम ने 34 में से 25 मैच जीते और सिर्फ 6 हारे. 2 मैचों का नतीजा नहीं निकला.