T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच महामुकाबला होने जा रहा है. इस मैच में अब 48 घंटे से भी कम का वक्त बचा हुआ है. इस मुकाबले से पहले एक खबर ने भारतीय खेमे में खलबली मचा दी है.

T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 आखिरी पड़ाव पर है. टीम इंडिया सेमीफाइनल में एंट्री कर चुकी है. 5 मार्च को उसे इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े मैदान पर दम दिखाना है. अगर टीम इंडिया इस मुकाबले में जीत हासिल कर लेती है तो उसे फाइनल का टिकट मिल जाएगा, लेकिन यह इतना आसान नहीं होने वाला है, क्योंकि हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली इंग्लैंड टीम दमदार फॉर्म में है और बड़े मैचों में एक अलग ही अंदाज में खेलती है. इसके अलावा टीम इंडिया के लिए एक नई मुसीबत खड़ी हो सकती है, जो संजू सैमसन से जुड़ी है.

संजू सैमसन आईसीसी (ICC) के रडार पर हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर 8 के आखिरी मैच में जीत की खुशी में संजू ने जोश में आकर अपना हेलमेट जमीन पर फेंक दिया था. यह हरकत उन पर भारी पड़ सकती है, क्योंकि इसे आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन माना जा सकता है. ऐसे में सवाल यह है कि क्या जीत का यह जश्न सैमसन के लिए बैन की वजह बनेगा या महज जुर्माने से बात बन जाएगी? यह फैसला तो आईसीसी को ही करना है, लेकिन इस पूरे मामले ने फैंस के मन में संजू सैमसन पर बैन लगने का डर भर दिया है.

मैच के हीरो बने, पर सेलिब्रेशन पड़ा भारी?

संजू सैमसन सुपर 8 के आखिरी यानी करो या मरो मुकाबले में वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत के हीरो रहे. उन्होंने 50 गेंदों पर 10 चौके और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 97 रन बनाए. उनकी इस पारी के दम पर टीम इंडिया ने 196 रन चेज कर लिए और 5 विकेट से मैच जीत लिया. यह टी20 विश्व कप इतिहास में भारत का सबसे बड़ा सफल रन चेज रहा.

मैच जीतने के बाद सैमसन काफी भावुक नजर आए. उन्होंने सोशल मीडिया पर तब सुर्खियां बटोरीं जब उन्होंने हिंदू, मुस्लिम और ईसाई तीनों धर्मों के अनुसार भगवान का शुक्रिया अदा किया. संजू इसलिए भी इमोशनल थे, क्योंकि वर्ल्ड कप 2026 में उन्हें प्लेइंग 11 से बाहर रखा जा रहा था. न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के 5 मैचों में वह सिर्फ 42 रन बना सके थे और फ्लॉप रहे थे, लेकिन जब विंडीज के खिलाफ मौका मिला तो उन्होंने टीम को फंसा हुआ मैच जिताया.

ICC क्यों ले सकता है एक्शन?

मैच जिताने के बाद संजू सैमसन ने जो व्यवहार दिखाया, वह आईसीसी के ‘कोड ऑफ कंडक्ट’ (आचार संहिता) के दायरे में आ सकता है. आईसीसी के नियम मैदान पर खिलाड़ियों के ऐसे आचरण को नियंत्रित करते हैं जो ‘स्पिरिट ऑफ क्रिकेट’ (Spirit of Cricket) के खिलाफ हों. इनमें एक है इक्विपमेंट का गलत इस्तेमाल, यानी उसे नुकसान पहुंचाना. हेलमेट फेंकने को ‘लापरवाह या खतरनाक’ व्यवहार माना जा सकता है, जो लेवल 1 उल्लंघन की श्रेणी में आता है. अगर मैच रेफरी इस हरकत को गंभीर मानते हैं तो सैमसन पर मैच फीस का 50 प्रतिशत तक जुर्माना लग सकता है या उनके खाते में डिमेरिट पॉइंट्स जोड़े जा सकते हैं.

IPL में आवेश खाना वाला मामला याद आया

संजू सैमसन के इस मामले को लेकर क्रिकेट फैंस को तुरंत आईपीएल (IPL) की वह घटना याद आ गई, जब तेज गेंदबाज आवेश खान ने जीत की खुशी में अपना हेलमेट जमीन पर पटक दिया था. उस वक्त बीसीसीआई (BCCI) ने उन पर सख्त कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया था. अब डर यह है कि अगर आईसीसी ने भी इसी तरह का कड़ा रुख अपनाया तो भारत को सेमीफाइनल जैसे बड़े मैच से पहले बड़ा झटका लग सकता है. हालांकि इस बारे में अब तक आईसीसी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H