T20 World Cup 2026: संजू सैमसन टी20 विश्व कप 2026 में प्लेइंग 11 की पहली पसंद नहीं थे, लेकिन बाद में उन्हें मौका मिला और वो अहम मैचों में टीम के लिए मैच विनर साबित हुए. संजू 4 मैचों में 232 रन बना चुके हैं. सुपर 8 के आखिरी मैच और फिर सेमीफाइनल में उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 में संजू सैमसन छाए हुए हैं. संजू खराब फॉर्म के चलते ग्रुप स्टेज में नामीबिया के खिलाफ सिर्फ एक मैच खेल पाए थे, वो भी तब जब अभिषेक शर्मा का पेट खराब था. लेकिन जब अभिषेक वापस लौटे तो संजू को बेंच पर बैठना पड़ा. लेकिन कहते हैं ना कि किस्मत जब आपके साथ हो तो मिनटों में जिंदगी बदल सकती है. ऐसा ही कुछ हुआ संजू के साथ. ग्रुप स्टेज और सुपर 8 के पहले मुकाबले में जब लेफ्टी बल्लेबाजों से सजा टीम इंडिया का टॉप ऑर्डर स्पिनर्स के खिलाफ लड़खड़ाया तो दाएं हाथ के संजू को प्लेइंग 11 में लाया गया.

मौका मिलते ही संजू ने चौका मारा. सबसे पहले उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर 8 में 24 रन बनाए, फिर वेस्टइंडीज के खिलाफ 97 रनों की ऐतिहासिक पारी खेलकर टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाया और फिर सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 89 रनों की तूफानी पारी खेली. संजू के इस प्रदर्शन को आईसीसी ने भी सलाम किया है. अब संजू के पास इस एडिशन में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ बनने का मौका है. आईसीसी ने ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ के लिए 8 सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया है, जिसमें भारत से एकमात्र नाम संजू सैमसन का है.

आईसीसी ने ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ के लिए इन खिलाड़ियों को किया नॉमिनेट

आईसीसी ने ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ के लिए जिन 8 खिलाड़ियों को चुना है, उनमें विल जैक्स, साहिबजादा फरहान, रचिन रवींद्र, लुंगी एनगिडी, एडेन मार्कराम, टिम सिफर्ट और शैडली वैन शाल्कविक का नाम है. नीचे जानिए इन खिलाड़ियों ने इस एडिशन में क्या किया है?

  1. विल जैक्स (इंग्लैंड) – ये ऑलराउंडर इंग्लैंड के लिए फिनिशर के रोल में रहा. जैक्स ने 8 मैचों में 9 विकेट लेने के साथ 226 रन बनाए हैं. वो चार बार प्लेयर ऑफ द मैच बने.
  2. साहिबजादा फरहान (पाकिस्तान)- पाकिस्तान के इस ओपनर ने 7 मैचों में 383 रन बनाए हैं. वो इस बार सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, जिनमें 2 शतक भी शामिल हैं.
  3. लुंगी एनगिडी (साउथ अफ्रीका)- इस तेज गेंदबाज ने 7 मैचों में 7.19 की इकॉनमी से 12 विकेट लिए हैं.
  4. शैडली वैन शाल्कविक (USA)- 4 मैचों में 6.80 की इकॉनमी से 13 विकेट लिए.
  5. टिम सिफर्ट (न्यूजीलैंड)- 8 मैचों में 3 फिफ्टी के दम पर 274 रन बना चुके हैं.
  6. एडेन मार्कराम (साउथ अफ्रीका)- शानदार कप्तानी की और 8 मैचों में 286 रन बनाए.
  7. रचिन रवींद्र (न्यूजीलैंड)- 8 मैचों में 128 रन बनाए और 11 विकेट लिए.