T20 World Cup 2026: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने टी20 वर्ल्ड कप की ‘टीम ऑफ द टूर्नामेंट’ का ऐलान कर दिया है, जिसमें भारत के चार खिलाड़ियों को जगह मिली है.

T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 का शोर थम चुका है. 8 मार्च को खेले गए फाइनल में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से पीटा और खिताब जीता. टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार ये ट्रॉफी जीती. वो तीन बार इस खिताब पर कब्जा करने वाली पहली टीम भी बनी. खास बात ये रही कि 19 साल के इतिहास में अपने घर में खिताब जीतने वाला भारत पहला देश बन गया है. टीम इंडिया को चैंपियन बनाने में सिर्फ एक नहीं बल्कि कई खिलाड़ियों का योगदान रहा. यही वजह है कि जब आईसीसी की तरफ से टी20 विश्व कप 2026 की टीम ऑफ द टूर्नामेंट चुनी गई तो उसमें भारत के 4 धुरंधरों को जगह मिली है.
टी20 विश्व कप 2026 के लिए सभी टीमों के खिलाड़ियों से मिलकर चुनी गई टीम में भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी जिताने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव का नाम नहीं है. भारत की तरफ से संजू सैमसन (Sanju Samson), ईशान किशन, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह का नाम है. सूर्यकुमार यादव ने USA के खिलाफ नाबाद 84 रन बनाकर भारत को हार से बचाया था, लेकिन उसके बाद वो 12, 32, 34, 18, 33, 18, 11 और 0 की पारियां ही खेल पाए.
संजू ने भारत के लिए बनाए सबसे ज्यादा रन
संजू सैमसन (Sanju Samson) इस टीम के ओपनर चुने गए हैं. उन्होंने भारत के लिए 5 मैच खेलकर 80.25 की औसत के साथ 321 रन बनाए. आखिरी तीन बड़े मैचों में 97*, 89 और 89 रन की पारियां खेलीं, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया.
संजू सैमसन के साथ ओपनर बना पाकिस्तानी
टीम ऑफ द टूर्नामेंट में ओपनर के तौर पर संजू सैमसन (Sanju Samson) के साथ पाकिस्तान टीम के ओपनर साहिबजादा फरहान को चुना गया है, जिन्होंने 6 मैचों में 76.60 की औसत से 383 रन बनाए हैं. इस बार उनके बल्ले से 37 चौके और 18 छक्के निकले. साहिबजादा फरहान किसी भी एक टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा रनों का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करने में सफल रहे हैं.
ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम ऑफ द टूर्नामेंट
- साहिबजादा फरहान
- संजू सैमसन (विकेटकीपर)
- ईशान किशन
- एडेन मार्करम (कप्तान)
- हार्दिक पांड्या
- विल जैक्स
- जेसन होल्डर
- जसप्रीत बुमराह
- लुंगी एनगिडी
- आदिल राशिद
- ब्लेसिंग मुजरबानी
12वां खिलाड़ी – शैडली वैन शल्कविक
किसने चुनी ये टीम
आईसीसी की टीम में भारत से 4, साउथ अफ्रीका से 2, इंग्लैंड से 2, और एक-एक खिलाड़ी वेस्टइंडीज, जिम्बाब्वे और पाकिस्तान से चुना गया है. इस बार ICC की इस ‘टीम ऑफ द टूर्नामेंट’ को इयान बिशप, नैटली जर्मनोस, इयोन मॉर्गन (ब्रॉडकास्टर), गौरव सक्सेना (ICC रिप्रेजेंटेटिव) और रेक्स क्लेमेंटाइन (स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट) ने क्यूरेट किया है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

