T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप में भले ही टीम इंडिया ग्रुप स्टेज के सभी 4 मैच जीतकर सुपर 8 में एंट्री कर चुकी है, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव 2 खिलाड़ियों को लेकर अब तक टेंशन में हैं. ये वही 2 खिलाड़ी हैं, जो क्रीज पर आते ही चौके-छक्के बरसाते थे, लेकिन इस विश्व कप में उनका बल्ला शांत पड़ चुका है. पहला नाम अभिषेक शर्मा का है, जो पहले तीनों मैचों में खाता नहीं खोल पाए और दूसरा नाम उस खिलाड़ी का है, जो स्पिन और तेज गेंदबाज दोनों के खिलाफ तूफानी अंदाज में बैटिंग करता रहा है. वो क्रीज पर आकर तेजी से रन बटोरता था, लेकिन टी20 विश्व कप 2026 में उसके बल्ले से बाउंड्री निकल ही नहीं रहीं.

ये कोई और नहीं बल्कि बाएं हाथ के स्टार बैटर तिलक वर्मा हैं. अभिषेक और तिलक दोनों ने ना सिर्फ फैंस बल्कि कप्तान सूर्या और कोच गौतम गंभीर की टेंशन बढ़ा दी है. सुपर 8 से पहले इन दोनों खिलाड़ियों का आउट ऑफ फॉर्म होना बेशक भारतीय टीम के लिए टेंशन बढ़ाने वाला है.

सबसे पहले बात अभिषेक शर्मा की है, जिन्हें इस एडिशन में अब तक तीन मैच खिलाए गए और तीनों में उनका खाता नहीं खुला. ये वही अभिषेक हैं, जिन्होंने 2024 से लेकर 2025 तक रनों की बारिश की. पहले 6 ओवरों में शानदार छक्के उड़ाए. टी20 करियर में दो शतक भी ठोके, लेकिन जैसे ही विश्व कप आया तो उनका बल्ला खामोश हो गया. नामीबिया के खिलाफ वो पेट में दर्द की शिकायत के चलते प्लेइंग 11 से बाहर थे, उनकी जगह संजू सैमसन को मौका मिला था, जिन्होंने 8 बॉल पर 22 रनों की छोटी लेकिन विस्फोटक पारी खेली थी.

अभिषेक 8 पारियों में 5 बार जीरो पर आउट हुए

हैरानी की बात ये है कि पिछली 8 पारियों में से 5 बार तो अभिषेक का खाता नहीं खुला. पिछले तीन मैचों से वो लगातार जीरो पर आउट हो गए हैं. आखिरी 8 पारियों के स्कोर 84, 0, 68*, 0, 30, 0, 0, 0 रहे हैं. अगर ये खिलाड़ी सुपर 8 में फॉर्म में नहीं लौटा तो टीम इंडिया को तेज शुरुआत नहीं मिलेगी, जिसका खामियाजा उसे भुगतना पड़ सकता है, क्योंकि अब बड़ी टीमों से मैच होना है. भारत सुपर 8 में साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज से खेलेगी. ये सभी तगड़ी फॉर्म में चल रही हैं.

तिलक के बल्ले से नहीं निकल रही बड़ी पारी

अब बात करते हैं तिलक वर्मा की. तिलक ने टी20 विश्व कप 2026 से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज मिस की थी. वो चोट के चलते नहीं खेल पाए थे, लेकिन टी20 विश्व कप में उन्होंने टीम इंडिया में वापसी की. 2025 में तिलक नंबर 3 पर रनों की बारिश करते आए हैं. चाहे स्पिन हो या फिर तेज गेंदबाज, इस बल्लेबाज ने हर विरोधी टीम को डोमिनेट किया था, लेकिन 2026 में उनका बल्ला खामोश है. तिलक को शुरुआत तो मिल रही है, लेकिन वो उसे बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पा रहे. टी20 विश्व कप 2026 के पहले चार मैचों में उनकी यही कहानी रही है.

4 मैचों में तिलक ने क्या किया?

टीम इंडिया के लिए अपने करियर में 44 टी20 मैच खेलकर 1289 रन बना चुके तिलक के नाम 2 शतक और 6 फिफ्टी दर्ज हैं. उन्होंने 141.80 के स्ट्राइक रेट से ये रन बनाए हैं, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज के चार मैचों में उन्होंने निराश किया. हर बार तिलक को शुरुआत मिली, लेकिन अब तक वो बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं हो पाए हैं. ग्रुप स्टेज के चार मैचों में इस लेफ्ट-हैंडर बल्लेबाज ने 26.50 के एवरेज और 120.45 के स्ट्राइक रेट से 106 रन बनाए हैं, जिसमें उनका बेस्ट 31 रन रहा है, जो उन्होंने बुधवार 18 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ 27 गेंदों पर बनाया था. मिडिल ओवर्स में उनका तेजी से रन नहीं बनाना टीम इंडिया पर भारी पड़ रहा है.