T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 7 मैचों में इस फ्लॉप खिलाड़ी ने सिर्फ 89 रन बनाए हैं. यही वजह है कि टीम इंडिया के खेमे में इस खिलाड़ी की फॉर्म ने चिंता बढ़ाई है.

T20 World Cup 2026: टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है. वो खिताब जीतने से सिर्फ एक कदम दूर है. फाइनल 8 मार्च को होगा, जिसमें भारत के सामने इस एडिशन में दमदार खेल दिखाने वाली न्यूजीलैंड की टीम रहने वाली है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खिताबी जंग लड़ी जाएगी. टीम इंडिया भले ही फाइनल में एंट्री कर गई है, लेकिन एक खिलाड़ी टीम पर बोझ बन चुका है. इस एडिशन में उसने बार-बार कप्तान सूर्यकुमार यादव का भरोसा तोड़ा है. सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भी उसका बल्ला खामोश रहा. अब फाइनल मुकाबले में कप्तान सूर्यकुमार यादव उसका प्लेइंग 11 से पत्ता काट सकते हैं. वो कोई और नहीं बल्कि दुनिया के नंबर 1 टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा हैं.

‘दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज’ अभिषेक शर्मा का बल्ला एकदम खामोश है. उनकी खराब फॉर्म टूर्नामेंट की शुरुआत से ही जारी है. इस विश्व कप में वो भारत के सबसे बड़े हथियार माने जा रहे थे, लेकिन पहले तीन मैचों में खाता नहीं खुला था. वो 7 पारियों में सिर्फ 89 रन बना पाए हैं. जिम्बाब्वे के खिलाफ 30 बॉल पर 55 रनों की पारी को छोड़कर एक भी मैच में नहीं चले. यही वजह है कि अब अभिषेक टीम के लिए ‘कमजोर कड़ी’ साबित हो रहे हैं.

उम्मीदों पर खरा नहीं उतरे अभिषेक

अभिषेक 2024 से भारत के लिए सबसे ज्यादा रन और सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बैटर थे, लेकिन टी20 विश्व कप 2026 में वो रनों के लिए तरस चुके हैं. एक तरफ जहां संजू सैमसन और ईशान किशन जैसे बल्लेबाज रन बरसा रहे हैं, वहीं अभिषेक का लगातार फेल होना टीम मैनेजमेंट को रिंकू सिंह जैसे विकल्पों पर विचार करने के लिए मजबूर कर रहा है. इस एडिशन में अभिषेक ने अभी तक 0, 0, 0, 15, 55, 10 और 9 रन के स्कोर ही किए हैं, जो उनके कद और टैलेंट के साथ न्याय नहीं करते.

अभिषेक बाहर हुए तो कौन आएगा अंदर?

कप्तान सूर्यकुमार अगर उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ प्लेइंग 11 से बाहर करते हैं तो फिर रिंकू सिंह की एंट्री हो सकती है. अगर अभिषेक बाहर गए तो संजू के साथ ईशान किशन ओपनर करते दिखेंगे. नंबर 3 पर तिलक वर्मा आ सकते हैं और उसके बाद कप्तान सूर्या बैटिंग कर सकते हैं. इसके बाद रिंकू सिंह और फिर हार्दिक, शिवम नजर आएंगे. अब देखना दिलचस्प होगा कि फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में क्या सूर्या अपने इस मैच विनर पर भरोसा बनाए रखेंगे या टीम हित में उन्हें बाहर का रास्ता दिखाएंगे?

2 शतक और 9 फिफ्टी मार चुके हैं अभिषेक

जब हम अभिषेक शर्मा के टी20 करियर पर नजर डालते हैं तो पता चलता है कि वो कितने घातक बैटर हैं. बहुत कम समय में इस ओपनर ने अपनी धाक जमाई है. वो इस वक्त दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज हैं. भारत के लिए 45 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 188.83 के स्ट्राइक रेट और 33 की औसत से 1386 रन बना चुके हैं. इस विस्फोटक ओपनर के नाम 2 शतक और 9 अर्धशतक दर्ज हैं.