वीरेंद्र गहवई, बिलासपुर। नेशनल हाईवे-130 पर स्थित ‘हाइवे किंग’ ढाबा के पास हुई सनसनीखेज लूट की गुत्थी को रतनपुर पुलिस ने सुलझा लिया है. पुलिस ने कोरिया और सरगुजा जिले से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई कार, मोबाइल और नगदी शत-प्रतिशत बरामद कर ली है. हालांकि, इस लूट के पीछे ‘तंत्र विद्या’ से पैसे दोगुने करने के नाम पर हुई ठगी की एक हैरान करने वाली कहानी सामने आई है.


जानकारी के अनुसार, 1 फरवरी 2026 की रात करीब 3:35 बजे, कोरबा निवासी विजय कुमार राज अपनी महिला रिश्तेदारों के साथ मेला देखकर वापस लौट रहे थे. रतनपुर के पास ढाबे के करीब जब उन्होंने गाड़ी रोकी, तभी दो कारों (क्रेटा और अर्टिगा) में सवार 4 युवकों ने उनका रास्ता रोका. आरोपियों ने विजय के साथ मारपीट की और उनकी स्विफ्ट डिजायर कार (CG 19 AE 3400), तीन मोबाइल और करीब 8,000 रुपये लूटकर फरार हो गए.

आरोपियों की गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही SSP रजनेश सिंह के निर्देश पर रतनपुर पुलिस ने टीम गठित की. टेक्निकल साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया और उन्हें अंबिकापुर व कोरिया जिले से धर दबोचा.
पकड़े गए आरोपियों के नाम:
- विद्यादास महंत (43 वर्ष) – सीतापुर, सरगुजा.
- रामसुन्दर (32 वर्ष) – चरचा, कोरिया.
- राजीव कुमार सिंह (37 वर्ष) – बैकुंठपुर, कोरिया.
- गुलशन कुजुर (47 वर्ष) – चरचा, कोरिया.
चौंका देने वाला खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया. उन्होंने बताया कि प्रार्थी विजय कुमार राज ने उन्हें ‘तंत्र विद्या और पूजा-पाठ’ के जरिए पैसे बढ़ाने का लालच देकर 2.5 लाख रुपये की ठगी की थी. जब आरोपियों ने अपने पैसे वापस मांगे और विजय ने मना कर दिया, तो उन्होंने बदला लेने और अपना पैसा वसूलने की नीयत से लूट की इस वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई कार, मोबाइल और नगदी बरामद करने के साथ-साथ घटना में इस्तेमाल की गई क्रेटा और अर्टिगा कार भी जब्त कर ली है.
तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने वालों पर भी होगी कार्रवाई
SSP/DIG रजनेश सिंह ने इस मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जिले में झाड़-फूंक या तंत्र विद्या से पैसे डबल करने का झांसा देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. ऐसे जालसाजों के खिलाफ FIR दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें


