Bihar Crime: बिहार में प्राइवेट कोचिंग चलाने वाले सरकारी शिक्षक पर एक नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगा है, जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने उस शिक्षक का मुंह काला कर उसे जूते की माला पहनाकर पूरे बाजार भर घुमाया। लोगों ने शिक्षक का सिर भी मुंडा दिया। पूरा मामला सीवान के बसंतपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

मामले में नाबालिग छात्रा के पिता ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है। दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक को तुरंत गिरफ्तार कर लिया और मामले की छानबीन में जुट गई। बता दें कि आरोपी शिक्षक उत्क्रमित मध्य विद्यालय में तैनात हैं। इसके साथ ही वह प्राइवेट कोचिंग भी चलाता है।

पीड़ित छात्रा भी उसके यहां कोचिंग में पढ़ने जाती थी। हर रोज की तरह कल शनिवार की सुबह भी छात्रा कोचिंग के लिए गई थी, जहां शिक्षक ने उसके साथ गलत काम करने की कोशिश की। छात्रा जब घर पहुंची तो उसने इस घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी।

पीड़ित छात्रा ने परिजनों को बताया कि पिछले 3 दिन से शिक्षक रेप की कोशिश कर रहा था और वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा था। बेटी की बातें सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। नाबालिग के पिता ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई।

जैसे ही इस घटना की जानकारी इलाके के लोगों को हुई, आक्रोशित लोगों ने आरोपी शिक्षक को धर दबोचा और उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी। इस दौरान लोगों ने उसके मुंह पर कालिख पोता और गले में जूतों की माला पहनाकर उसका सिर मुंडन कर पूरे बाजार घुमाया। इसके बाद आरोपी शिक्षक को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

ये भी पढ़ें- Bihar Weather Report: बिहार में मौसम ने बदली अपनी चाल, दिन में गर्म, तो शाम ढलते ही हो रहा ठंड का एहसास