Auqib Nabi, Ranji Trophy Final : टीम इंडिया को मोहम्मद शमी जैसे खतरनाक बॉलर मिल गया है. यह गेंदबाज इन दिनों रणजी ट्रॉफी 2025-26 में धमाके पर धमाके किए जा रहा है. इस सीजन का फाइनल जम्मू-कश्मीर और कर्नाटक के बीच चल रहा है, जिसमें उसने पहली पारी में 5 विकेट चटकाए थे. यह सीजन उसके लिए बेहद खास रहा है और वह 10 मैचों में कुल 60 विकेट ले चुका है. अब जल्द ही उसकी टीम इंडिया में एंट्री हो सकती है. यह वही खिलाड़ी है, जिसके दम पर जम्मू-कश्मीर की टीम ने न सिर्फ रणजी ट्रॉफी के फाइनल में पहली बार जगह बनाई बल्कि अब यह टीम खिताब जीतने की तरफ बढ़ रही है और इतिहास रचने की दहलीज पर है.

यहां जिस खिलाड़ी की बात हो रही है, वह कोई और नहीं बल्कि जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी हैं. जिन्होंने इस सीजन अपनी घातक गेंदबाजी से गर्दा उड़ा दिया है. फाइनल मुकाबले में जम्मू-कश्मीर टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 584 रन बनाए थे, जिसके बाद कर्नाटक को पहली पारी में 293 रनों पर समेट दिया. उसे 291 रनों की बड़ी बढ़त मिली है. अगर यह मैच ड्रॉ होता है तो फिर जम्मू-कश्मीर का पहली बार रणजी ट्रॉफी जीतना तय है, क्योंकि उसके पास अच्छी-खासी लीड है.
फाइनल में आकिब नबी ने पहली पारी में कुल 23 ओवर डाले, जिनमें 7 मेडन रहे. उन्होंने 54 रन देकर 5 विकेट निकाले, जिनमें केएल राहुल और करुण नायर का बड़ा विकेट भी शामिल था. इनके अलावा रविचंद्रन स्मरण, मयंक अग्रवाल और शिखर शेट्टी का शिकार करके अपना पांच विकेट हॉल पूरा किया.
इस रणजी ट्रॉफी 2025-26 में आकिब नबी डार के आंकड़े
आकिब नबी रणजी ट्रॉफी 2025-26 के टॉप विकेट टेकर हैं. वह सबसे ज्यादा 60 शिकार कर चुके हैं. क्वार्टर फाइनल मैच में उन्होंने 12 और सेमीफाइनल में 9 विकेट शिकार किए थे. फिर फाइनल की पहली पारी में पंजा खोला.
मैच- 10
विकेट- 60*
एवरेज- 12.56
इकॉनमी- 2.65
5 विकेट हॉल- 7
4 विकेट हॉल- 2
कौन हैं आकिब नबी डार?
आकिब नबी जम्मू-कश्मीर के बारामूला से आते हैं. वह दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं, जिनके पास शानदार स्विंग, सीम और सटीक लाइन-लेंथ है. यह खिलाड़ी 125-135 किमी/घंटा की गति के साथ लगातार गेंदबाजी करता है. नबी नई गेंद से स्विंग कराने और पुरानी गेंद से यॉर्कर डालने में माहिर हैं, यही वजह है कि उन्हें घाटी का स्विंग का सुल्तान भी कहा जाता है.
क्या है आकिब नबी की खासियत?
आकिब नबी दलीप ट्रॉफी 2025 में 4 गेंदों में 4 विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं. पुरानी गेंद से स्लोअर बॉल और यॉर्कर डालने की क्षमता उन्हें एक अच्छा डेथ ओवर गेंदबाज बनाती है. यह खिलाड़ी आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स से खेलता दिखेगा. नीलामी में दिल्ली की टीम ने उन्हें 8.40 करोड़ रुपये में खरीदा था. वह पहली दफा आईपीएल खेलते नजर आएंगे.


