कुंदन कुमार/पटना। विदेश दौरे से वापस लौटते ही नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार की एनडीए सरकार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी ने राज्य की कानून व्यवस्था, नीट (NEET) पेपर लीक और सदन में राबड़ी देवी के साथ हुई नोकझोंक पर खुलकर अपनी बात रखी।

​अपराध और महिला सुरक्षा पर घेरा

​तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में आपराधिक घटनाएं चरम पर हैं। विशेषकर छोटी बच्चियों के साथ हो रही गैंगरेप की घटनाओं ने राज्य को झकझोर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने सदन में इन गंभीर विषयों पर सवाल उठाया, तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समाधान देने के बजाय अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। तेजस्वी ने कहा, एक महिला मुख्यमंत्री रह चुकी नेता के लिए ऐसी भाषा का प्रयोग कतई उचित नहीं है। इससे अपराधियों का मनोबल बढ़ता है।

​नीतीश कुमार के स्वास्थ्य और रिमोट कंट्रोल सरकार पर तंज

​मुख्यमंत्री पर व्यक्तिगत हमला करते हुए तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार अब ‘कमजोर’ हो गए हैं। उन्होंने उनके स्वास्थ्य पर सवाल उठाते हुए कहा, उम्र बढ़ने के साथ बीमारियां आती हैं, शायद उन्हें डिमेंशिया है, तभी वे इलाज के लिए विदेश गए थे। उन्होंने दावा किया कि सदन में मुख्यमंत्री का माइक पीछे बैठे लोगों द्वारा नियंत्रित किया जा रहा है, जो यह दर्शाता है कि सरकार कोई और चला रहा है।

​NEET और भ्रष्टाचार पर वार

​नीट मामले पर तेजस्वी ने सीबीआई जांच को ‘लीपापोती’ करार दिया। उन्होंने कहा कि बालिका गृह कांड और सृजन घोटाले की तरह इस बार भी दोषियों को बचाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि एनडीए सरकार में न्याय की उम्मीद करना बेमानी है और बिहार में अब लोकतंत्र की जगह ‘डर तंत्र’ ने ले ली है। तेज प्रताप यादव से जुड़े सवाल पर उन्होंने संक्षिप्त में कहा कि उनसे जुड़ी बातें न पूछी जाएं।