कुंदन कुमार, पटना। बिहार में पांच सीटों पर हुए राज्यसभा चुनाव में एनडीए के उम्मीदवारों ने जीत हासिल करते हुए क्लीन स्वीप कर लिया। चुनाव में एनडीए के सभी 202 विधायकों ने मतदान किया। वहीं, महागठबंधन के 4 विधायक वोट देने के लिए विधानसभा ही नहीं पहुंचे, जिसका नतीजा यह हुआ कि 5वें सीट पर राजद उम्मीदवार अजय धारी सिंह को हार का सामना करना पड़ा। राज्यसभा चुनाव में मिली हार के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का बड़ा बयान सामने आया है।

हमारे विधायकों ने दिया धोखा- तेजस्वी

बिहार विधानसभा के बाहर मीडिया से बातचीत के दौरान राज्यसभा चुनाव में आए नतीजों को लेकर तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने भाजपा पर धनतंत्र और मशीन तंत्र का इस्तेमाल करने का गंभीर आरोप लगाया और कहा कि, अगर हमारे विधायकों ने धोखा न दिया होता तो हमारी जीत तय थी।

एक दिन ऐसा जरूर आएगा…

तेजस्वी ने कहा कि, बीजेपी ने धनतंत्र और मशीन तंत्र का दुरुपयोग कर किसी को डरा कर, किसी को खरीद कर राजनीति की जो परंपरा शुरू की है, उसका अंत जरूर होगा। तेजस्वी ने कहा कि, एक दिन ऐसा जरूर आएगा, जब हम लोग कामयाब होंगे। हम बीजेपी और उसके विचारधारा के खिलाफ लड़ते हैं और हमेशा लड़ते रहेंगे।

बीजेपी के चरित्र पर उठाया सवाल

वहीं, जब उनसे महागठबंधन के चार विधायकों के वोट नहीं देने को लेकर सवाल किया गया तो तेजस्वी ने कहा कि, महागठबंधन में हम लोगों की संख्या 35 थी। राज्यसभा चुनाव में जीत के लिए 6 विधायक कम थे। पांचवीं सीट के लिए एनडीए के पास भी 3 विधायक कम थे, लेकिन फिर भी हम लोग लड़े। हम उसके सामने झुके नहीं।

उन्होंने कहा कि, जो चार लोग मतदान में नहीं पहुंचे, इसकी समीक्षा बाद में की जाएगी। अगर इन लोगों (हमारे विधायकों) ने धोखा नहीं दिया होता तो हमारी जीत तय थी, क्योंकि हमने अपनी कमी का कोटा पूरा कर लिया था। AIMIM के 5 विधायक और BSP के एक विधायक ने महागठबंधन का सहयोग किया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि, अगर कोई वोट देने नहीं आया तो, बीजेपी का चरित्र कैसा है? यह सभी को पता है।

गिरिराज सिंह ने मांगा तेजस्वी का इस्तीफा

राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन की हार पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि, राजद और कांग्रेस के विधायकों ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को आईना दिखा दिया है। गिरिराज ने कहा कि, नैतिक आधार पर तेजस्वी को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद से तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।

ये भी पढ़ें- पुलिस वालों की लाशें बिछा देंगे…SHO को धमकी देने वाले दो बमदाश एनकाउंटर में ढेर, STF का एक जवान शहीद