कुंदन कुमार, पटना। सीएम नीतीश के राज्यसभा पद की शपथ लेने के बाद से दिल्ली से लेकर बिहार तक सियासी माहौल गरमाया हुआ है। नीतीश कुमार अगले एक-दो दिनों में सीएम पद से भी इस्तीफा दे सकते हैं। हालांकि उनके इस्तीफा देने और नई सरकार के गठन होने से पहले ही सीएम पद को लेकर जदयू और बीजेपी के बीच सियासी पेंच फंसता नजर आ रहा है। हालांकि इन सबके बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का बड़ा बयान सामने आया है।
दिल्ली से चल रही बिहार सरकार- तेजस्वी
वहीं, मुख्यमंत्री आवास पर जारी बैठकों को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि, कौन बनेगा? कैसे बनेगा? बस एक ही दो लोगों को तय करना है, जो वो लोग चाहेंगे वही होगा। उन्होंने कहा कि, दिल्ली से बिहार सरकार चल रही है। उनका इशारा पीएम मोदी और अमित शाह की तरफ था।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि, जो भी बनेगा जनता का मैंडेट थोड़ी है, उनको। जो दिल्ली से तय होगा, दो लोग तय करते हैं वही होगा। उन्होंने कहा कि, दिल्ली से ही तय हुआ था नीतीश को हटाया जाए। हट गए, शिफ्ट हो गए। तेजस्वी ने कहा कि, नाम से हम लोगों को क्या लेना देना है, जनता का मैंडेट इन लोगों के पास नहीं है।
नीतीश के चाहने से कुछ नहीं होगा- तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि, जब से सरकार बनी है सरकार ही फिर से सरकार बनवा रही है। 2 महीने से कैबिनेट की मीटिंग नहीं हुई। कोई निर्णय नहीं हुआ। बिहार पीछे चला जा रहा है। कौन सीएम बने ना बने? जनता को कोई मतलब नहीं है।
उन्होंने कहा कि, नीतीश कुमार चाहते थे कि वही मुख्यमंत्री रहे, लेकिन अब उनके चाहने से कुछ भी नहीं होगा। लेकिन जिस प्रकार से भाजपा ने उनके साथ विश्वासघात किया, उनको पहले से मालूम था। नीतीश को पद से भाजपा हटा रही है।
निशांत को सीएम बनाने की मांग
सूत्रों की माने तो नीतीश के सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद बीजेपी से कोई अगला मुख्यमंत्री बन सकता है। इस हलचल के बीच आज सम्राट चौधरी सुबह-सुबह सीएम नीतीश से मुलाकात करने भी पहुंचे थे। हालांकि जदयू का एक खेमा आज भी निशांत कुमार को अगला सीएम बनाने की मांग कर रहा है। आज रविवार (12 अप्रैल) को जदयू कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं की ओर से एक बार फिर पोस्टर भी लगाया गया है, जिसमें निशांत कुमार को अगला मुख्यमंत्री बनाने की मांग की गई है।
‘नहीं चाहिए फिर से दंगा-फसाद’
खास बात यह है कि निशांत को सीएम बनाने की मांग के साथ जो पोस्टर में लिखा गया है। उससे साफ है कि जदयू के कार्यकर्ता नहीं चाहते हैं कि सीएम पद बीजेपी के खाते में जाए। पोस्टर में लिखा गया है-“बिहार में ना तो बुलडोजर बवाल चाहिए ना ही फिर से ‘दंगा-फसाद’ चाहिए” इसके अलावा आगे लिखा गया है कि, हे लोकनाथ अब आपके परछाई स्वरूप युवा जनसेवक निशांते कुमार चाहिए। वहीं, अंत में लिखा गया है कि नीतीश जी का मिशन अधूरा निशांत कुमार ही करेंगे पूरा। ऐसे में अब देखने वाली बात होगी बिहार की सियासत अब आगे क्या कुछ गुल खिलाती है।
ये भी पढ़ें- ऐसे कैसे आगे बढ़ेगा बिहार? स्कूल में ‘मजदूरी’ कर रहे बच्चे! CM की कुर्सी पाने की जुगत में लगे नेता
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

